भाजपा के गुजरात किले में सेंध लगाने में लोगों ने आप की मदद की, अगली बार जीत की उम्मीद : केजरीवाल

नई दिल्ली। आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गुजरात किले में सेंध लगाने में मदद के लिए राज्य के लोगों को बृहस्पतिवार को धन्यवाद दिया और अगले विधानसभा चुनाव में राज्य में अपनी पार्टी की जीत की उम्मीद जताई। केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा कि हालांकि आप ने गुजरात में ज्यादा सीट नहीं जीती हैं लेकिन उसे मिले मतों ने उसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने में मदद की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने में मदद करने के लिए मैं गुजरात के लोगों का शुक्रगुजार हूं। बहुत कम दलों को यह दर्जा मिला है और अब हम उनमें से एक हैं। हमारी पार्टी केवल 10 साल पुरानी है। गुजरात में आप ने अब तक चार विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है और एक सीट पर आगे चल रही है, जहां भाजपा भारी जीत की ओर अग्रसर है। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात को भाजपा का किला माना जाता है और राज्य के लोगों ने इसमें सेंध लगाने में आप की मदद की है। उन्होंने कहा, उम्मीद है, अगली बार हम इसे जीतने में सफल होंगे। केजरीवाल ने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी पार्टी और नेताओं ने कभी भी कीचड़ उछालने या गाली-गलौज की राजनीति नहीं की। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केवल सकारात्मक चीजों और दिल्ली तथा पंजाब में पार्टी द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बात की, जहां आप सत्ता में है।
अब आप की चर्चा भी कक्षाओं में होगी : सिसोदिया
आम आदमी पार्टी के वरिष्ट नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को कहा कि अब आम आदमी पार्टी की भी चर्चा कक्षाओं में हुआ करेगी। सिसोदिया ने गुरुवार को ट्वीट करते हुए कहा कि राजनीतिक दल वाले पाठ में हम सोशल साइंस और पॉलिटिकल साइंस वाले टीचर नेशनल पार्टियों के बारे में बताते हुए उनके नाम, स्थापना, उदय, विचारधारा, विस्तार और नेताओं के बारे में बताते हैं। इस श्रेणी में अब आम आदमी पार्टी का नाम भी जुड़ गया है। इन पर भी अब कक्षा मे चर्चा होगी।
मिले प्यार, सम्मान और विश्वास के लिए गुजरात के लोगों का मैं पूरी जिंदगी आभारी रहूंगा
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं जितनी बार चुनाव के दौरान गुजरात आया, आपसे जो प्यार, सम्मान और विश्वास मिला, उसका मैं पूरी जिंदगी आभारी रहूंगा। आप सभी लोगों का बहुत-बहुत ऋणी रहूंगा। मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। गुजरात एक तरह से बीजेपी का गढ़ माना जाता है। उस किले को भेदने में हम सफल हुए। आज हमें लगभग 13 फीसद के करीब वोट मिला है। अभी तक 39 लाख के करीब वोट मिल चुके हैं, अभी और भी गिनती जारी है और भी वोट मिलेंगे। इतने लोगों ने हमारे ऊपर भरोसा किया। इतने लोगों ने पहली बार हमें वोट दिया। इसके लिए मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं, जिन्होंने इतना प्रेम दिया।
हमने पूरा कैंपेन बहुत पॉजिटिव चलाया, भद्दी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस बार हम भाजपा का किला भेदने में सफल हुए, आप सभी के आशीर्वाद से अगली बार हम सभी लोग मिलकर किला जीतने में भी सफल होंगे। हमने पूरा कैंपेन बहुत पॉजिटिव चलाया। कोई गाली गलौज नहीं किया, किसी को हमने भद्दी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया, किसी के खिलाफ हम नहीं बोले। हमने केवल यह कहा कि हमने दिल्ली और पंजाब में बहुत काम किया है और अगर गुजरात में मौका मिला तो हम ये सारे काम करेंगे। हमने केवल अपने काम की चर्चा की। यही चीज हमें दूसरी पार्टियों से अलग करती है। अभी तक 75 साल से इस देश के अंदर गाली-गलौज, मारपीट और जाति-धर्म की राजनीति, यही सब चलता था। पहली बार एक पार्टी आई है जो जनता के मुद्दों की बात करती है। देश को नंबर-1 बनाने की बात करती है। देश को आगे बढ़ाने व देश के विकास की बात करती है। स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी, सड़क, जिसका रोजमर्रा की जिंदगी में एक आम आदमी का वास्ता पड़ता है, उन मुद्दों की बात करती है। हमें पॉजिटिव राजनीति करनी है। हम शरीफ और ईमानदार और देशभक्त लोग हैं। यही पहचान हमें अपनी आगे भी बनाकर रखनी है।
आप के सभी कार्यकर्ता लोगों की सेवा करते रहे
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात के लोगों ने इतना प्यार और मोहब्बत दी। इसके लिए मैं पुनः बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करता हूं। सभी देशवासियों और सभी कार्यकर्ताओं को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय पार्टी बनने पर बहुत-बहुत बधाई। जितने गुजरात में कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने इतनी मेहनत की, इतना शानदार कैंपेन किया, रात-दिन मेहनत की, उन सभी लोगों को मैं बधाई देना चाहता हूं। थोड़े दिन आराम कर लो, उसके बाद फिर से अपने को काम पर लगना है। चुनाव आते जाते रहेंगे। हम राजनीति में सेवा करने के लिए आए हैं। वो सेवा बंद नहीं होनी चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि अब चुनाव हो गया और अब हम अपने घर चले जाए। अपने लोगों की सेवा करो, अपने समाज की सेवा करो, अपने गांव की सेवा करो, अपने मोहल्ले की सेवा करो। कहीं भी कोई दुखी हो, चाहे वो किसी भी पार्टी का हो, उसकी हमें सेवा करनी है। चाहे वोट मिले या न मिले। अच्छा काम करोगे, तो वोट भी मिलेंगे। लेकिन केवल वोट के लिए हमें काम नहीं करना है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS