Delhi: छठ पूजा से पहले यमुना में दिखे जहरीले झाग, भाजपा ने केजरीवाल को बताया झूठा

Delhi: छठ पूजा से पहले यमुना में दिखे जहरीले झाग, भाजपा ने केजरीवाल को बताया झूठा
X
छठ महापर्व कल से शुरू होने वाला है और आज यमुना नदी में जहरीले झाग दिखाई दे रहे हैं। केजरीवाल ने दावा किया था कि छठ पूजा पर यमुना में गंदगी नहीं दिखाई देगी। अब जो ताजा तस्वीरें सामने आ रही है, उससे भाजपा ने केजरीवाल पर हमला बोलना शुरू कर दिया है।

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना (Vinay Saxena) ने यमुना के घाटों (Yamuna Ghats) पर छठ पूजा (Chhath Puja) करने की अनुमति (Permission) दे दी है। अनुमति देने के साथ-साथ उपराज्यपाल (LG) ने सरकार से श्रद्धालुओं के लिए साफ पानी और घाट उपलब्ध कराने और NGT के सभी आदेशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। दिल्ली सरकार (Delhi Government) बीते कई दिनों से छठ पूजा की भव्य तैयारी करने का दावा भी कर रही है, लेकिन आज सुबह यमुना (Yamuna) में कई जगहों पर जहरीले झाग (Poisonous Foam) उठते दिखाई दिए। इसके बाद भाजपा ने आम आदमी पार्टी (Aam aadmi Party) को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा का कहना है कि केजरीवाल यमुना नदी की सफाई को लेकर लगातार झूठ बोल रहे हैं।

कल से शुरू हो रहा छठ महापर्व, यमुना में उफन रहे जहरीले झाग

कल यानी शुक्रवार से छठ महापर्व शुरू कर हो जाएगा। दिल्ली सरकार बीते कई दिनों से दावा कर रही थी कि दिल्ली में इस बार छठ के लिए अभूतपूर्व तैयारियां की गई हैं। हालांकि आज सुबह ही दिल्ली के कालिंदी कुंज (Kalindi Kunj) इलाके में यमुना में जहरीले झाग दिखाई दिए। इसकी वजह से श्रद्धालुओं में सरकार के प्रति नाराजगी है। एक स्थानीय महिला ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि कल से छठ का त्योहार शुरू हो जाएगा। हम चाहते हैं कि यहां पर साफ-सफाई हो जाए। हर साल यहां पर सफाई नहीं होती है। इस गंदे पानी में नहाने से खुजली होती है, लेकिन हमारी मजबूरी है। सरकार को इसके बारे में कुछ करना चाहिए।

भाजपा का केजरीवाल सरकार पर हमला

यमुना में जहरीले झाग दिखने के बाद भाजपा ने अरविन्द केजरीवाल पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष सुनील यादव ने यमुना में उठ रहे जहरीले झागों का वीडियो ट्वीट (Tweet) करते हुए कहा कि यमुना जी में यह झाग जो दिखाई दे रहे हैं, यह अरविंद केजरीवाल के झूठ, बेशर्मी और कामचोरी के प्रतीक हैं। दिल्ली भाजपा ने भी अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें केजरीवाल केजरीवाल कई बार यमुना को साफ करने के वादे करते नजर आ रहे हैं। वीडियो ट्वीट करते हुए भाजपा ने लिखा है कि केजरीवाल साल दर साल यमुना जी को साफ करने के झूठे वादे को दोहराते रहे।

यमुना में गंदगी फैलाने पर 50 हजार रुपये तक का चालान

बता दें कि कल ही दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने दिल्ली के कुछ निश्चित घाटों पर छठ पूजा करने की अनुमति दी थी। हालांकि अनुमति देने के साथ-साथ उपराज्यपाल ने सरकार से छठ पूजा करने आये श्रद्धालुओं के लिए साफ पानी और घाट उपलब्ध कराने और NGT के सभी आदेशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। NGT के आदेश के अनुसार यमुना नदी में किसी भी तरह का कचरा नहीं फेंका जा सकता है। अगर कोई व्यक्ति यमुना में कचरा फेंकता हुआ या NGT के नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है, तो उसका पांच से 50 हजार रुपये तक का चालान काटा जा सकता है।

Tags

Next Story