प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकारी बंगला खाली किया, कुछ दिनों तक रहेंगी गुरुग्राम में

नई दिल्ली के लोधी एस्टेट इलाके में स्थित अपना सरकारी बंगला कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को खाली कर दिया। प्रियंका से जुड़े सूत्रों ने बताया कि वह अभी कुछ दिन गुरुग्राम में रहेंगी और फिर मध्य दिल्ली इलाके के एक आवास में रहने चली आएंगी।
सूत्रों का कहना है कि प्रियंका ने मध्य दिल्ली में अपने रहने के लिए जो आवास तय किया है उसकी रंगाई-पुताई और मरम्मत का काम चल रहा है। गौरतलब है कि केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने प्रियंका से नई दिल्ली स्थित सरकारी बंगला एक अगस्त तक खाली करने को कहा है।
उसकी ओर से जारी आदेश में कहा गया कि एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद उन्हें मौजूदा आवास '35 लोधी एस्टेट' खाली करना पड़ेगा क्योंकि जेड प्लस की श्रेणी वाली सुरक्षा में आवास सुविधा नहीं मिलती। सरकार ने पिछले साल नवंबर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी तथा उन्हें जेड-प्लस श्रेणी सुरक्षा दी थी।
कांग्रेस ने बताया था कि प्रियंका पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी होने की वजह से अब ज्यादा समय राज्य में बिताएंगी और लखनऊ में गोखले मार्ग स्थिति शीला कौल के आवास में रहेंगी। यह मकान खाली पड़ा है और फिलहाल इसकी मरम्मत और रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। शीला कौल देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की भाभी थीं। वह केंद्रीय मंत्री औेर राज्यपाल भी रहीं। साल 2015 में उनका निधन हो गया था।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS