Red Fort Violence: पुलिस ने एक और आरोपी मनिंदर सिंह को किया गिरफ्तार, घर से दो तलवारें भी बरामद

Red Fort Violence: पुलिस ने एक और आरोपी मनिंदर सिंह को किया गिरफ्तार, घर से दो तलवारें भी बरामद
X
लाल किला हिंसा मामले में मोस्ट वांटेड मनिंदर सिंह को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पीतमपुरा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने स्वरूप नगर स्थित आरोपी मनिंदर सिंह घर से दो तलवारें भी बरामद की हैं।

Red Fort Violence: कृषि कानून के विरोध में 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को निकाली गई ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले पर हुई हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, लाल किला हिंसा मामले में मोस्ट वांटेड मनिंदर सिंह को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पीतमपुरा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने स्वरूप नगर स्थित आरोपी मनिंदर सिंह घर से दो तलवारें भी बरामद की हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी मनिंदर सिंह एसी कार मैकेनिक का काम करता है।

खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक, मनिंदर सिंह ने विभिन्न ग्रुपों के फेसबुक पोस्टों के जरिए हिंसा भड़काने के साथ कट्टरपंथी होने का खुलासा किया है। मनिंदर सिंह अधिकतर सिंघु बॉर्डर पर जाता था। वह वहां नेताओं के द्वारा दिए गए भाषणों से काफी प्रेरित था।

मनिंदर सिंह ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने स्वरूप नगर इलाके में पड़ोस के 6 लोगों को भी प्रेरित किया था। सभी छह लोग बाइक पर सवार होकर, सिंघु सीमा से मुकरबा चौक की तरफ जाने वाली किसान ट्रैक्टर रैली के साथ 26 जनवरी को निकले थे। मनिंदर सिंह ने अपने साथ दो तलवारें भी रखी थीं।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई थी। हिंसा में लगभग 500 पुलिसकर्मी घायल हो गए और एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी। इस बीच कुछ प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर लेकर लाल किले पहुंचे। तभी कुछ प्रदर्शनकारियों ने लाल किले पर धार्मिक झंडा लगा दिया।

पुलिस ने हिंसा मामले में 44 मामले दर्ज किए हैं। इनमें अभी तक दीप सिद्धू, सुखदेव और इकबाल सिंह समेत 143 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। सात लोगों को कोर्ट से सशर्त जमानत मिल चुकी है।


Tags

Next Story