मकर संक्रांति महोत्सव में भाजपा के वरिष्ठ नेता हुए शामिल

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के द्वारा मकर संक्राति महोत्सव का आयोजन मोर्चा अध्यक्ष कौशल मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय में किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मोटे अनाज के व्यंजन के साथ पारंपरिक रूप से दही-चूड़ा, तिल, खिचड़ी को जमीन पर पंक्ति में बिठाकर व पत्तल में परोसकर खिला कर मकर संक्रांति महोत्सव मनाया गया। महोत्सव का शुभारंभ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन से किया। इस महोत्सव में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी एल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा, वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा, नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद रविशंकर प्रसाद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सम्मिलित होकर प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा का उत्साहवर्धन किया।
भारतीय संस्कृति में इस पर्व का है विशेष महत्व: संतोष
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने नव ऊर्जा के संचार के इस पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति का प्रमुख पर्व है। मकर संक्रांति पूरे भारत और नेपाल में किसी न किसी रूप में मनाई जाती है । पौष मास में जब सूर्य धनु राशि को छोड़कर मकर राशि में प्रवेश करता है तभी इस पर्व को मनाया जाता है। मकर संक्रांति पर्व को कहीं-कहीं उत्तरायणी भी कहते हैं। भारतीय संस्कृति में इस पर्व का विशेष महत्व है, तिल, गुड़ की मिठास का यह पर्व हमें दान-पुण्य के साथ जरूरतमंदो की मदद की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक मकर संक्रांति के पर्व पर समाज में भाईचारे की भावना को कायम रखते हुए जरूरतमंदों की मदद करने के लिए जरूर संकल्पित हों। भारतीय त्यौहार लोगों को एकता के सूत्र में पिरोने का काम करते हैं। हर राज्य में इस पर्व को वहां की संस्कृति के अनुरूप मनाया जाता है।
हमारी संस्कृति को सृष्टि में जिंदा रखने में यह त्यौहार सबसे बड़ी भूमिका निभाते है: अरूण
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि मकर संक्रांति हिन्दुओं का एक प्रमुख त्योहार है जिसका उद्देश्य आपसी भाईचारा, एकता, और खुशियों को बाटना हैं और भारत जैसे महान धार्मिक एवं सांस्कृतिक देश में त्यौहारों का बड़ा महत्व होता है। हमारी संस्कृति को सृष्टि में जिंदा रखने में यह त्यौहार सबसे बड़ी भूमिका निभाते है। ये त्यौहार हमें कुछ ना कुछ अवश्य सिखाते है। उन्होंने कहा कि आज के दिन देश में कई त्यौहार मनाए जाते हैं, इसलिए भारत अनेकता में एकता का देश कहलाता है। मेरी यही कामना है कि ये त्योहार सभी के लिए अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि लेकर आए।
हर वर्ग के लोगों के जीवन में सुख- समृद्धि लाएं: सचदेवा
भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मैं भगवान सूर्य से कामना करता हूं कि अपने तेज से दुःख, दरिद्रता व अभाव का नाश कर देश और दिल्ली के शोषित, पीड़ित, वंचित जनों के जीवन में अपार खुशियों का समावेश करें और समाज के हर वर्ग के लोगों के जीवन में सुख- समृद्धि लाएं। वहीं, सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि मकर संक्रांति के दिन सुबह सूर्य को अर्घ्य देकर कुछ विशेष मंत्रों का जाप करना चाहिए। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश मंत्री व सोशल मीडिया प्रभारी एस राहुल, अभय सिंह, मीडिया प्रमुख संजय तिवारी, कार्यालय मंत्री अनिल राजभर, नीलम पांडे, बलराम मिश्रा, गणपत झा, रामदयाल महतो, अरुण प्रधान सहित प्रदेश, जिला, मंडल पदाधिकारी, विधायक, निगम पार्षद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS