नई आबकारी नीति को वापस लेना ही केजरीवाल के भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा सबूत

नई आबकारी नीति को वापस लेना ही केजरीवाल के भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा सबूत
X
केजरीवाल और उनके मंत्रियों ने मिलकर भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा को पार किया है और देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारत की छवि को धूमिल किया है। नई आबकारी नीति को वापस लेना ही केजरीवाल के भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा सबूत है।

नई दिल्ली। केजरीवाल और उनके मंत्रियों ने मिलकर भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा को पार किया है और देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारत की छवि को धूमिल किया है। नई आबकारी नीति को वापस लेना ही केजरीवाल के भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा सबूत है। यह बातें रविवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने चुनाव प्रचार दौरान कहीं। गौरतलब है कि दिल्ली भाजपा द्वारा आगामी निगम चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार पूरे जोरों पर है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लगभग एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में हर घर दस्तक देकर नगर निगम चुनाव में भाजपा के लिए मतदान करने के लिए लोगों से अपील की।

पीयूष ने कहा कि दिल्ली की सरकार अपनी जिम्मेदारियों को निर्वहन करने में पूरी तरह से फेल साबित हुई है और यही कारण है कि भाजपा को दिल्ली की जनता का प्यार और समर्थन मिल रहा है। पीयूष ने कहा कि दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी के झूठे वायदों में पड़ने वाली नहीं है और नगर निगम में एक बार फिर से भाजपा को सेवा का मौका देने का मन बना चुकी है। वहीं केंद्रीय मंत्री हरीदीप पुरी ने कालकाजी में कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हर चीज फ्री करने की बात तो करते हैं लेकिन उसके लिए जब बात पैसों की आती है तो केंद्र सरकार के ऊपर निर्भर हो जाते हैं।

दिल्ली सरकार का हर विभाग भ्रष्टाचार में डूबा है और यही केजरीवाल की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की जनता भी इस बात को समझ चुकी है और खास कर झुग्गी में रहने वालों ने भी मन बना लिया है क्योंकि मुफ्त की राजनीति के चक्कर में उन्होंने पिछले आठ सालों से धोखा खाया है। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता से मिल रहा अपार समर्थन इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि दिल्लीवासी झूठ, अराजकता, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार पर आधारित केजरीवाल सरकार के विरुद्ध भाजपा को प्रचंड मतों से विजयी बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिस तरह से पिछले कई दिनों से केजरीवाल के संरक्षण में चल रहे भ्रष्टाचारों का भंडाफोड़ हो रहा है, उसे देखते ही दिल्लीवासी केजरीवाल की दोहरी नीति को समझ चुके हैं और उसे नाकारने का मन बना चुके हैं।

Tags

Next Story