केजरीवाल और उनके मंत्रियों के पाप धोते-धोते यमुना मैली हो गई

नई दिल्ली। दिल्ली की यमुना दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रियों के पाप धोते-धोते मैली हो गई है और केजरीवाल जो दूसरे राज्यों में जाकर अपनी झूठी तारीफ कर रहे हैं, लेकिन जिस दिल्ली ने उन्हें पहचान दी उन्हें सरकार में बैठाया, उसे वह भ्रष्टाचार का अड्डा मानते हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने बुधवार को प्रेसवार्ता में केजरीवाल सरकार को घेरते हुए उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीएम केजरीवाल ने दिल्लीवालों के लिए क्या किया है, इसके बारे में खुद दिल्लीवाले नहीं जानते लेकिन दूसरे राज्यों में वे इसका झूठा प्रचार कर रहे हैं। प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता हरीश खुराना एवं यासिर जिलानी उपस्थित थे।
केजरीवाल उसे जेल के अंदर सारी सुख सुविधा दे रहे हैं
केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि जैसे-जैसे जेल के अंदर से सत्येन्द्र जैन की वीडियो सामने आ रहे हैं, वैसे-वैसे लग रहा है कि अपराधिक छवि वाले कैसे राजनीति को बदनाम करते हैं। एक मंत्री जो अपने किए पर जेल में बंद होकर सज़ा काट रहा है, लेकिन उसे मंत्री पद से हटाने की जगह केजरीवाल उसे जेल के अंदर सारी सुख सुविधा दे रहे हैं।
किसी भी एंगल से नहीं लग रहा कि जैन बंद कैदी हैं
भाजपा द्वारा आज एक और वीडियो जारी किया गया जिसमें सत्येन्द्र जैन फल एवं ड्राई फ्रूट खाते हुए नज़र आ रहे हैं। ऐसा किसी भी एंगल से नहीं लग रहा कि वह जेल के अंदर बंद कैदी हैं बल्कि ऐसा लग रहा है जैसे मंत्री किसी होटल में ठहरा हो और उसे सेवा दी जा रही है। कभी मसाज तो कभी नाश्ते में डाइटिशियन द्वारा बताए गए व्यंजन, यह किसी भी जेल मैन्युअल के खिलाफ है। जबकि आम आदमी पार्टी के नेता खुद को 'आम आदमी' मानते हैं लेकिन हरकतें बिल्कुल ही अलग है।
आप संवैधानिक परिस्थितियों का मजाक बना रही है
लेखी ने कहा कि यह वही आम आदमी पार्टी है जो राजनीति और राजनेताओं को अलग-अलग नाम देती रहती थी लेकिन आज वही आम आदमी पार्टी नियम, कानून और संवैधानिक परिस्थितियों का ना सिर्फ मजाक बना रही है बल्कि जेल को रिजॉर्ट समझ रखा है, जहां हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के कथनी और करनी बिल्कुल एक दूसरे के विपरीत है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS