Delhi Flood: दिल्ली में बाढ़ के चलते कहीं गहराया पेयजल संकट, कहीं लंबा जाम... पढ़ें एडवाइजरी

Delhi Flood: दिल्ली में बाढ़ के चलते कहीं गहराया पेयजल संकट, कहीं लंबा जाम... पढ़ें एडवाइजरी
X
Delhi flood: दिल्ली में यमुना नदी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। यमुना नदी (Yamuna River) का जलस्तर अब तक के उच्चतम स्तर 208.52 मीटर पर है। इसी को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से चलाए रखने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। वहीं, दिल्ली नगर निगम ने भी शमशान घाटों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

Delhi flood: दिल्ली में यमुना नदी (Yamuna River) ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। इसकी वजह से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यमुना नदी का जलस्तर अब तक के उच्चतम स्तर 208.52 मीटर पर है। लोगों को एक-जगह से दूसरी जगह जाने के लिए भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। साथ ही, एमसीडी ने भी श्मशान घाटों को लेकर एडवाइजरी जारी की है। वहीं, बाढ़ की वजह से तीन जल संयत्रों को सीमित समय के लिए बंद कर दिया गया है।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को इन रास्तों से बचने का आग्रह किया

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्लीवासियों से तीन सड़कों से बचने का आग्रह किया है। उनमें आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़े के बीच महात्मा गांधी मार्ग कालीघाट मंदिर के बीच मार्ग व वजीराबाद के बीच का बाहरी रिंग रोड शामिल है। यातायात को नियंत्रित करने के लिए कमर्शियल वाहन (Commercial Vehicles) की आवाजाही पर भी काफी रोक लगाई गई है। इन वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी और कई वाहनों के मार्गों में परिवर्तन कर दिया गया है ताकि वे रिंग रोड और बाहरी रिंग रोड के प्रभावित हिस्सों पर ट्रैफिक को बाधित न करें।

कमर्शियल वाहनों को मुकरबा चौक से डायवर्ट (Divert) किया जाएगा। मुकरबा चौक और वजीराबाद ब्रिज के बीच किसी भी व्यावसायिक वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी। व्यावसायिक वाहनों को भी सराय काले खां से डायवर्ट किया जाएगा। सराय काले खां और आईपी फ्लाईओवर के बीच ऐसे किसी भी वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी। इन्हें गाज़ीपुर बॉर्डर के साथ-साथ अक्षरधाम से भी डीएनडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने लोगों से किसी भी असुविधा से बचने के लिए सलाह का पालन करने को कहा है। यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी के बावजूद दिल्ली मेट्रो का परिचालन सही तरीके से हो रहा है। उसमें किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आ रही है।

शमशान घाटों के लिए भी एडवाइजरी जारी

दिल्ली नगर निगम (MCD) ने यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए शहर में अंतिम संस्कार की जगहों को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। एमसीडी ने कहा कि वे निगमबोध घाट श्मशान घाट का उपयोग न करें क्योंकि यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण अंतिम संस्कार की क्रियाएं बाधित हो सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे नजदीकी श्मशान घाटों जैसे पंचकुइयां रोड, सत नगर, पंजाबी बाग, ग्रीन पार्क, दक्षिणपुरी या अपने इलाके के नजदीक किसी भी श्मशान घाट का उपयोग करें।

Also Read: Delhi Flood: दिल्ली में बाढ़ के खतरे पर सीएम केजरीवाल ने बुलाई बैठक, हरियाणा पर फोड़ा ठीकरा

तीन वॉटर प्लांट बंद

दिल्ली में यमुना नदी (Yamuna River) पिछले रिकॉर्ड को पार करते हुए गुरुवार सुबह 208.52 मीटर की चौंका देने वाली ऊंचाई पर पहुंच गई। इसके साथ ही दिल्ली के लोगों को पानी के संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते जल स्तर के कारण आस-पास की सड़कें और बुनियादी ढांचे जलमग्न हो गए हैं, जिससे नदी के करीब रहने वाले निवासी गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। इसी बीच, वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला में वॉटर प्लांट को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने जल आपूर्ति पर कहा कि यमुना का पानी घटने के बाद ये सभी वॉटर प्लांट फिर से काम करना शुरू कर देंगे।

Tags

Next Story