Delhi: खतरे के निशान से ऊपर यमुना का जलस्तर, बाढ़ की आशंका पर अलर्ट जारी

Delhi: खतरे के निशान से ऊपर यमुना का जलस्तर, बाढ़ की आशंका पर अलर्ट जारी
X
दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिसके बाद कई इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

राजधानी दिल्ली (Delhi) में सोमवार की रात को यमुना (Yamuna) का जलस्तर (water level) खतरे के निशान (danger signs) को पार कर गया। इसके चलते यमुना के किनारे वाले इलाकों में बाढ़ (Flood) का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने इसको लेकर कमर कस ली है और खादर वाले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली में खतरे का निशान 205.33 मीटर है, जबकि यमुना का जलस्तर 206.18 मीटर पर पहुंच गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की हिदायत दी गई है। आने वाले दिनों में जलस्तर के अभी और बढ़ने की आशंका है।

क्यों बढ़ रहा यमुना में पानी

यमुना में बढ़ रहे पानी का कारण कई दिनों से हो रही जोरदार बारिश और हथिनी कुंड बैराज (Hathini Kund Barrage) से छोड़े गए पानी को बताया जा रहा है। फ्लड डिपार्टमेंट के अनुसार, सोमवार को हथिनी कुंड बैराज से करीब 2 लाख 95 हजार 912 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जोकि आज दिल्ली पहुंच चुका है। इन सब हालातों को देखते हुए कोई अनहोनी न हो इसलिए 24 बोटों को यमुना के अंदर लगाया, जबकि 25 बोटों को स्टैंडबाइ पर रखा गया है। हर बोट पर दो गोताखारों को ड्यूटी लगाई गई है।

और बढेगा जलस्तर, अलर्ट जारी

दिल्ली में यमुना के नजदीकी निचले इलाकों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। इन इलाकों में करीब 40,000 लोग रहते हैं। आज सुबह ऐसे सभी इलाकों से लोगों को निकलने के लिए अलर्ट जारी किया गया है। ज्यादा पानी बढ़ने पर लोहे के पुल को भी बंद किया जा सकता है। आज भी करीब एक लाख क्यूसेक पानी हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया है, जोकि आने वाले दो दिनों में दिल्ली पहुंच सकता है। जिलाधिकारी पूर्वी दिल्ली अनिल बंका ने बताया कि यमुना के किनारे वाले निचले इलाकों को खाली कराया जा रहा है और ऊंचाई वाली जगहों पर भेजा जा रहा है। रैनबसेरों और सरकारी स्कूलों में ऐसे लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

Tags

Next Story