ठेका दिलाने के लिए ठगे 1 करोड़, जांच के घेरे में सोनीपत नगर निगम के अधिकारी

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
सोनीपत नगर निगम के अधिकारी अब फिर मुसीबत में फंसते दिखाई दे रहे हैं। ताजा मामला फरीदाबाद के रहने वाले एक पिता-पुत्र से जुड़ा है। इस पिता-पुत्र पर दिल्ली की एक ठेकेदार से सरकारी विभागों में ठेका दिलाने का झांसा देकर 1.11 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है। इस मामले में जांच के दायरे में सोनीपत नगर निगम के अधिकारी भी आ गए है। करीब एक माह पहले फरीदाबाद पुलिस में ठेकेदार ने ठगी का केस दर्ज कराया था। मामले में गिरफ्तार आरोपित ने सोनीपत नगर निगम के अधिकारियों से भी नजदीकी की बात कबूली है। जिसके बाद फरीदाबाद एनआइटी एसीपी विष्णु की अगुवाई में टीम नगर निगम में जांच करने पहुंची। टीम ने टेंडर से संबंधित रिकार्ड जुटाया है।
जांच करने पहुंचे एसीपी विष्णु ने बताया कि 21 जून को दिल्ली के रणजीत नगर कमर्शियल कांप्लेक्स निवासी ठेकेदार ललित मित्तल ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी मैसर्स हरचंद दास गुप्ता के नाम से कंस्ट्रक्शन कम्पनी है। करीब 5-6 साल पहले सेक्टर 15 निवासी पंकज गर्ग से इनकी मुलाकात हुई थी। पंकज उनकी कंपनी को आरसी एम सप्लाई करते थे। पंकज गर्ग ने कहा कि उनकी जान पहचान आरबी शर्मा नाम के व्यक्ति से है। शर्मा सरकारी काम करवाते हैं। पंकज गर्ग ने मेरी मुलाकात आरबी शर्मा से करवाई। उसके बाद आरबी शर्मा और उनका बेटा कुलदीप शर्मा समय-समय पर मुलाकात करने लग गये। आरबी शर्मा और उनके लड़के कुलदीप शर्मा ने कहा कि हम आपको सरकारी टेंडर-बिल्डिंग निर्माण का कार्य दिलवा सकते हैं। उन्होंने सरकारी ठेका दिलवाने की एवज में आरबी शर्मा को 1 करोड़ 11 लाख रुपये दे दिए। आरबी शर्मा ने पंकज गर्ग को कहा कि इन एक करोड़ रुपये में से 50-50 लाख रुपए उच्च अधिकारियों को दे देना। काफी समय बीतने के बाद भी कोई काम नहीं मिला। अब इस मामले में गिरफ्तार आरोपित आरबी शर्मा ने सोनीपत नगर निगम में भी अधिकारियों से नजदीकी होने की बात कबूली है। इस संबंध में जांच की जा रही है।
सीएम फ्लाइंग की टीम ने भी की जांच
नगर निगम में शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग की टीम भी पहुंची। टीम ने नगर निगम अधिकारी-कर्मचारियों की हाजिरी की जांच की। इस दौरान सीएम फ्लाइंग टीम ने कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर परिसर में बुलाकर उनकी वीडियोग्राफी की। वहीं, कई सवाल जवाब भी किए। विभिन्न शाखाओं में जाकर नागरिक सेवाओं की व्यवस्थाओं की भी जांच की। टीम का कहना है कि कई कर्मचारी गायब मिले है। उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS