मंडी पहुंची धान की 1509 वैरायटी : अच्छे उत्पादन और दाम से खिले किसानों के चेहरे

मंडी पहुंची धान की 1509 वैरायटी : अच्छे उत्पादन और दाम से खिले किसानों के चेहरे
X
धान के उत्पादन और दाम से किसानों को ज्यादा उम्मीदें रहती है और इस बार धान की फसल ने किसानों को निराश नहीं किया है। पिछली बार जहां 1700 से 1800 रुपये प्रति क्विंटल धान बिकी थी, वहीं इस बार 2700 से 2800 रुपये प्रति क्विंटल का रेट किसानों को मिल रहा है।

हरिभूमि न्यूज : घरौंडा (करनाल)

मंडी में पहुंची धान की 1509 किस्म धान अच्छे दामों पर बिक रही है। धान का अच्छा उत्पादन और अच्छा दाम किसानों के पिछले साल के घाटे को पूरा करता दिखाई दे रहा है। धान के भाव से किसानों को तो फायदा मिल ही रहा है साथ ही मार्किट फीस में भी बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष 3.31 लाख ज्यादा मार्किट फीस कमेटी को मिली है। साथ ही धान की आवक का भी ग्राफ पिछले वर्ष से काफी ज्यादा रहा है।

धान के उत्पादन और दाम से किसानों को ज्यादा उम्मीदें रहती है और इस बार धान की फसल ने किसानों को निराश नहीं किया है। पिछली बार जहां 1700 से 1800 रुपए प्रति क्विंटल धान बिकी थी, वहीं इस बार 2700 से 2800 रुपये प्रति क्विंटल का रेट किसानों को मिल रहा है। घरौंडा नई अनाज मंडी में धान की फसल लेकर पहुंचे किसानों ने बताया कि पिछले वर्ष धान में किसानों ने बहुत नुकसान देखना पड़ा। लागत तक पूरी नहीं हो पाई थी। समस्या ठेके पर बुआई करने वाले किसानों के लिए भी ज्यादा थी। लेकिन इस बार धान की फसल ने किसानों के घाटे को भरने का काम किया है। किसानों में खुशी है कि उनका उत्पादन तो अच्छा हो ही रहा है साथ ही रेट भी अच्छा मिल रहा है। किसानों का कहना है कि बीते साल 1700 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल धान बिकी लेकिन अबकी बार 2700 से 2800 रुपये प्रति क्विंटल धान बिक रही है।

जहां किसानों को धान की पैदावार का लाभ मिला है वहीं मार्किट कमेटी को भी अच्छी फीस मिली है। मार्केट कमेटी सचिव अशोक शर्मा के मुताबिक, पिछले साल सात सितंबर तक कुल सात हजार 177 क्विंटल धान मंडी में पहुंची, जिससे 2 लाख 81 हजार 478 रुपये मार्किट फीस मिली थी लेकिन इस बार अब तक 12 हजार 753 क्विंटल धान की आवक हुई है और इस आवक से मार्किट कमेटी को 6 लाख 13 हजार 457 रुपये की मार्किट फीस मिली है, जोकि पिछले साल की मार्किट फीस से 3 लाख 31 हजार 979 रुपये ज्यादा है।

Tags

Next Story