हरियाणा में 18 हजार विद्यार्थियों ने एक साथ किया गीता के 18 श्लोकों का उच्चारण, 75 हजार लोग ऑनलाइन जुड़े

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर 5159 वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता के उपदेश देकर कर्म करने का संदेश दिया। इस पावन धरा पर दिए गए पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश युगों-युगों से मानवता को ज्ञान और शांति का मार्ग दिखा रहे है। इस पवित्र ग्रंथ गीता ने मानवता को जीवन जीने का सार और विश्व को शांति सद्भावना का संदेश दिया है। इसलिए आज प्रत्येक नागरिक को पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को अपने जीवन में धारण करना चाहिए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित वैश्विक गीता पाठ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री @mlkhattar आज गीता महोत्सव में भाग लेने #कुरुक्षेत्र पहुंचे. इस दौरान वैश्विक गीता पाठ कार्यक्रम में 18 हजार बच्चों ने सामूहिक गीता श्लोक का उच्चारण किया जिसमें ऑनलाइन माध्यम से जुड़े 75 हजार विद्यार्थियों ने भी गीता पाठ किया. #Haryana #DIPRHaryana pic.twitter.com/VGKM3pfcYc
— DPR Haryana (@DiprHaryana) December 4, 2022
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने विधिवत रूप ने गीता पूजन और दीपशिखा प्रज्वलित कर पावन पर्व पर वैश्विक गीता पाठ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान कुरुक्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के 18 हजार विद्यार्थियों ने निर्धारित समय अनुसार वैश्विक गीता पाठ में पवित्र ग्रंथ गीता के 18 अध्यायों के 18 श्लोकों का उच्चारण किया। इन विद्यार्थियों ने जैसे ही वैश्विक गीता पाठ शुरू किया, उसी समय हरियाणा के सभी जिलों के राजकीय और निजी स्कूलों के 75 हजार से ज्यादा विद्यार्थी, विभिन्न देशों के नागरिक भी ऑनलाइन जुड़े और सभी ने एक सुर में विश्व शांति के लिए वैश्विक गीता का पाठ किया। मुख्यमंत्री ने 5 दिसंबर को कुरुक्षेत्र जिले के सभी स्कूलों व वैश्कि गीता पाठ में भाग लेने वाले बच्चों की छुट्टी की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने गीता जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गीता जयंती का यह दिन विलक्षण, अनोखा और प्रेरणा देने वाला दिन है आज के दिन कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर हजारों वर्ष पूर्व पवित्र ग्रंथ गीता का उद्गम हुआ। सरकार की तरफ से कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाता है। पहले इस महोत्सव को जिला स्तर पर ही मनाया जाता था, लेकिन वर्ष 2016 में इस महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव का दर्जा दिया गया। इस महोत्सव में वैश्विक गीता पाठ एक अनोखा कार्यक्रम है। इस वैश्विक गीता पाठ के जरिए पूरे विश्व के लोगों तक पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। इस वर्ष भी सामूहिक वैश्विक गीता पाठ का आयोजन कुरुक्षेत्र से किया गया और इस वर्ष आनलाईन प्रणाली से वैश्विक गीता पाठ को पूरी दुनिया तक पहुंचाने का काम किया गया। इस ऑनलाइन प्रणाली से हरियाणा प्रदेश के 75 हजार विद्यार्थियों के साथ-साथ विदेश के लोग भी जुड़े।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS