अंबाला नगर निगम ऑफिस में 40 कर्मचारी पॉजिटिव, कोरोना से 41 साल की महिला ने दम तोड़ा

अंबाला नगर निगम ऑफिस में 40 कर्मचारी पॉजिटिव, कोरोना से 41 साल की महिला ने दम तोड़ा
X
अब निगम ऑफिस को अगले दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों की ओर से पॉजिटिव कर्मचारियों के संपर्क में आए लोगों से अपनी जांच करवाने का आग्रह किया है

हरिभूमि न्यूज.अंबाला

अंबाला शहर नगर निगम ऑफिस में बुधवार को कोरोना ब्लॉस्ट हुआ है। यहां करीब 40 कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से कई अधिकारी भी बताए जा रहे हैं। इसी वजह से अब निगम ऑफिस को अगले दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों की ओर से पॉजिटिव कर्मचारियों के संपर्क में आए लोगों से अपनी जांच करवाने का आग्रह किया है।

उधर कोरोना से फिर एक महिला ने दम तोड़ दिया। 593 नए मरीज सामने आए हैं। अब जिले में रिकवरी रेट 87.35 फीसदी हो गया है। यहां कुल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर अब 4062 हो गई है। अब तक प्रति दस लाख की जनसंख्या पर 695441 सैंपल लिए गए हैं। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सोशल डस्टिेंसिंग के साथ नियमित तौर पर मास्क का जरूर इस्तेमाल करें। बिना वजह घर से बाहर न निकलें।

बुधवार को कोरोना की वजह से जिस 41 वर्षीय महिला की मौत हुई वह पहले से ही दिल की बीमारी से जूझ रही थी।चिकित्सकों ने बताया कि शहजादपुर की रहने वाली इस महिला को बाइपेप सपोर्ट पर रखा हुआ था। इसके बावजूद उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। बुधवार को उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। कोरोना की तीसरी लहर में अब यहां मरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। अब तक कोरोना से कुल 521 मरीज दम तोड़ चुके हैं।

निगम में 70 की हुई थी सैंपलिंग

स्वास्थ्य विभाग की ओर से नगर निगम में 70 अधिकारी व कर्मचारियों के सैंपल लिए गए थे। अब रिपोर्ट में 40 कर्मचारी व अधिकारी पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी वजह से नगर निगम को आम पब्लिक के लिए दो दिन तक बंद करने के आदेश दिए गए हैं। ऑफिस के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया है। बाकायदा गार्ड को गेट पर तैनात कर दिया गया है। दो दिन के बाद ही ऑफिस खुलने की बात कही जा रही है। निगम की ओर से पॉजिटिव कर्मचारियों के संपर्क में आए लोगों को टेस्ट करवाने की सलाह दी गई है। उधर निगम का मुख्य गेट बंद होते ही बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जरुरी काम से आए लोग ऑफिस बंद होने से बेहद परेशान दिखे। बचे कर्मचारियों को घर से ही काम करने के आदेश दिए गए हैं। इस सिलसिले में ऑफिस के बाहर भी एक नोटिस लगाया गया है।


Tags

Next Story