सिरसा : पदोन्नति की आस में पिछले दो महीनों में रिटायर हो गए 42 संस्कृत अध्यापक

हरिभूमि न्यूज. सिरसा। शिक्षा विभाग में लंबे समय से सेवाएं दे रहे संस्कृत अध्यापक पदोन्नति के लिए तरसते-तरसते सेवानिवृत्त हो रहे हैं। पदोन्नति की सूची तैयार होने के बावजूद कई महीनों से यह सूची जारी नहीं की जा रही है, जिसके चलते पिछले दो महीने में 42 अध्यापक रिटायर हो गए, जो पदोन्नति की दौड़ में शामिल थे।
पदोन्नति की सूची में 365 अध्यापक शामिल थे, जिसमें अब 285 संस्कृत अध्यापकों की सूची जारी होगी। पदोन्नति के लटके इस मामले को लेकर गत दिवस शिक्षा सदन पंचकूला में शिक्षा मंत्री कंवरपाल की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, निदेशक सेकेंडरी अंशज सिंह, निदेशक एलिमेंट्री रिपू दमन ढिल्लों, अतिरिक्त निदेशक सतपाल शर्मा, अतिरिक्त निदेशक नीरज शर्मा, अतिरिक्त निदेशक विजय यादव सहित विभाग के सभी संयुक्त निदेशक और उपनिदेशक शामिल रहे। हरियाणा राजकीय संस्कृत अध्यापक संघ की ओर से राज्य प्रधान रामप्रसाद कौशिक, राज्य प्रवक्ता रजनीश, कुरुक्षेत्र जिला प्रधान पवन भारद्वाज, पूर्व जिला प्रधान कुरुक्षेत्र महाबीर बैठक में शामिल रहे। उन्होंने पीजीटी संस्कृत पदोन्नति मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया, जिसमें बाद एक सप्ताह के अंदर सूची जारी करने का आदेश दे दिया गया।
30 नवंबर को संस्कृत अध्यापक के तौर पर रिटायर हो रहे धर्मेंद्र शास्त्री ने बताया कि उन्हें भी लंबे समय से पदोन्नति आर्डर का इंतजार है, लेकिन अब उम्मीद टूटती जा रही है। उन्होंने बताया कि दरअसल एस सी वर्ग के अध्यापकों को पदोन्नति में 20 प्रतिशत आरक्षण देने के मामले में पिछले दो महीने से सूची को होल्ड पर रखा हुआ है। पदोन्नति सूची में कुल 365 अध्यापक शामिल थे, जिसमें 42 साथी अध्यापक रिटायर हो चुके हैं, 37 अध्यापकों ने नौकरी छोड़ दी है, वहीं एक अध्यापक की मृत्यु हो चुकी है। इस प्रकार अब 285 अध्यापकों की सूची जारी होगी। इसके चलते तबादला प्रक्रिया फिलहाल स्थगित रहेगी। पदोन्नति आदेश के बाद ही तबादले की प्रक्रिया चलेगी। हरियाणा राजकीय संस्कृत अध्यापक संघ के राज्य प्रधान रामप्रसाद कौशिक ने बताया कि उम्मीद है कि एक सप्ताह में पदोन्नति की सूची जारी कर दी जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS