हरियाणा में आम आदमी पार्टी ने निगम चुनावों के लिए कसी कमर, गांवों में भी संगठन को मजबूत करेगी आप

आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) हरियाणा की कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता (Dr. Sushil Gupta) के निवास स्थान पर हुई। इसमें राष्ट्रीय सचिव डॉ. पंकज गुप्ता के साथ प्रदेश से वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा, प्रदेश सह प्रभारी महेंद्र चौधरी, संगठन मंत्री प्रवीण प्रभाकर और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता ने अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव में आम आदमी पार्टी को लगभग साढ़े दस फीसदी वोट प्राप्त हुए हैं, ये बीजेपी के बाद सबसे ज्यादा हैं। आम आदमी पार्टी ही भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध में नंबर वन प्रदेश में विकल्प बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी के खिलाफ पूरा प्रशासनिक अमला लगा रखा था। हमारे उम्मीदवारों को न केवल प्रचार के लिए रोका जा रहा था, बल्कि उनके पोस्टर और बैनर भी हटवाए जा रहे थे और प्रचार में बाधा भी डाली जा रही थी। पूरे चुनाव आम आदमी पार्टी को लेकर बीजेपी दबाव में थी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के चुनाव भी आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जोर-शोर से लड़ेगी। पार्टी के पदाधिकारियों ने कमर कस ली है। प्रदेश में स्वच्छ और पारदर्शिता के साथ भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया जाएगा।इसके साथ ही समीक्षा बैठक में अभी तक चुनाव में रही कमियों को दुरुस्त करने और आगे की रणनीति बनाने का काम किया गया। प्रदेश प्रभारी डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के 7200 गांवों में संगठन को मजबूत देने का काम किया जाएगा। हर गांवों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करेंगे।
प्रदेश प्रभारी डॉ. गुप्ता ने कहा कि जुलाई के पहले सप्ताह से गांव गांव जा कर सदस्यता अभियान चलाया जायेगा। पार्टी के संगठन को मजबूत करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को भी एक मौका देना चाहती है। वहीं आगामी चुनावों को देखते हुए जल्द ही पार्टी पदाधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS