सात महीने पहले हुआ था एक्सीडेंट, पुलिस ने अब केस दर्ज किया, पढ़ें-पूरा मामला...

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़
करीब सात महीने पहले हुए एक्सीडेंट के संबंध में अब बादली थाने में अब केस दर्ज हो पाया है। बहादुरगढ़ के निवासी एक व्यक्ति, उसके बेेटे सहित दो अज्ञात लोगों पर आरोप है। पीड़ित ने गृह मंत्री अनिल विज व पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी थी। पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।
दुल्हेड़ा के निवासी जयभगवान का कहना है कि उसका लड़का अमित झज्जर में ऑटो मैकेनिक का काम सीखता था। गत 14 अप्रैल 2023 की शाम को घर आने के लिए सिलानी गेट पर खड़ा था। इसी दौरान वहां एक गाड़ी आई। गाड़ी में बहादुरगढ़ के निवासी जयभगवान का बेटा व कुछ अन्य युवक मौजूद थे। वे जबरन मेरे बेटे को गाड़ी में डालकर ले जाने लगे। यह घटनाक्रम हमारे गांव के साहिल ने देख लिया। साहिल ने हमें मामले से अवगत कराया। वे युवक मेरे बेटे को झज्जर सचिवालय ले गए। वहां जबरन बाइक उठाने के लिए कहने लगे। बेटे ने इंकार किया तो जान से मारने की धमकी देने लगे। फिर एक बाइक मेरे बेटे को दी और उसे अपनी गाड़ी के साथ चलाने के लिए कहने लगे। गांव दुल्हेड़ा में पहुंचते ही उन्होंने जान से मारने की नीयत से गाड़ी से बाइक में टक्कर मारी। मेरे बेटे को गंभीर चोट आई। हमें पता लगा तो हम अमित को बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में ले गए। फिर सरकारी अस्पताल झज्जर लाए, जहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। बेहतर इलाज के लिए रोहतक के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। इलाज पर हमारे लगभग पांच लाख रुपये खर्च हो गए। हमने पुलिस को शिकायत नहीं दी लेकिन आरोपी पक्ष इकरारनामे से मुकर गया और इलाज का खर्च नहीं दिया। आरोपी युवक का पिता जयभगवान व अन्य हमें धमकी देने लगे। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ये आरोप कितने सही हैं, ये जांच का विषय है। तफ्तीश पूर्ण होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS