धुंध में हादसा : चंडीगढ़-हिसार हाईवे पर एक साथ टकराई रोडवेज, पुलिस और निजी बस, सभी वाहनों के शीशे टूटे

धुंध में हादसा : चंडीगढ़-हिसार हाईवे पर एक साथ टकराई रोडवेज, पुलिस और निजी बस, सभी वाहनों के शीशे टूटे
X
हरियाणा रोडवेज की सरकारी बस हिसार से चंडीगढ़ जा रही थी। इसके पीछे दूसरी निजी बस नरवाना से कैथल की तरफ जा रही थी। तीसरी बस हरियाणा पुलिस की थी। जो हिसार से करनाल के लिए निकली थी।

हरिभूमि न्यूज : कलायत ( कैथल )

कैथल के कलायत क्षेत्र में गहरी धुंध के कारण चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय मार्ग 152 पर गांव शिमला बस अड्डा पर सुबह करीब 9 बजे दो सरकारी और एक निजी बस आपस में टकरा गई। इस हादसे में तीन बसों के शीशे टूट गए। गनीमत रही कि इस गंभीर दुर्घटना के दौरान बसों में सवार यात्रियों और पुलिस जवानों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा।

जानकारी के अनुसार शिमला बस अड्डे पर हरियाणा रोडवेज की सरकारी बस हिसार से चंडीगढ़ जा रही थी। इसके पीछे दूसरी निजी बस नरवाना से कैथल की तरफ जा रही थी। तीसरी बस हरियाणा पुलिस की थी। जो हिसार से करनाल के लिए निकली थी। हरियाणा रोडवेज बस के चालक को गांव शिमला के पास कुछ नजर नहीं आया। संभावित हादसे के मद्देनजर उसने ब्रेक लगाए तो पीछे से आ रही दोनो बसें एक-एक करके आपस में टकरा गई।

संपूर्ण कलायत क्षेत्र सुबह से ही धुंध की चपेट में रहा। सुबह 10 बजे तक राष्ट्रीय मार्ग पर जीरो दृश्यता रही। इक्का-दुक्का वाहन मार्ग पर रेंगते नजर आए। सुरक्षित यात्रा के मद्देनजर वाहन चालक एक दूसरे के पीछे चलकर अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचने की जुगत में थे। कार्तिक माह में पहली बार इस कदर गहरी धुंध छाई। सुबह 10 बजे के बाद चली हवाओं से धुंध धीरे-धीरे छंटनी शुरू हुई। लेकिन फिर भी दिन भर सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए।

Tags

Next Story