पुलिस पर लात-घूसों से हमला कर आरोपी को छुड़ा ले गए उसके साथी, हाथापाई में लोगों ने नहीं की मदद

पुलिस पर लात-घूसों से हमला कर आरोपी को छुड़ा ले गए उसके साथी, हाथापाई में लोगों ने नहीं की मदद
X
एन.एच. पांच में आठ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस से छुड़ा लिया है। हमलावरों ने पुलिस टीम पर लात-घूसों से हमला किया। इसमें दो पुलिस कर्मी घायल हो गए।

फरीदाबाद। एनएच पांच में आठ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस से छुड़ा लिया है। हमलावरों ने पुलिस टीम पर लात-घूसों से हमला किया। इसमें दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। धोखाधड़ी मामले के जांच अधिकारी की शिकायत पर एनआइटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इस मामले में सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसजीएम नगर थाना में तैनात पीएसआइ युद्धवीर सिंह ने बताया है कि नवीन शर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। इस मामले में युद्धवीर सिंह जांच अधिकारी हैं। शनिवार शाम जांच अधिकारी को करीब सात बजे सूचना मिली कि आरोपी नवीन शर्मा एनआइटी पांच स्थित कक्कड़ के कार्यालय पर पहुंचने वाला है। वे मुख्य सिपाही नवीन को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। वहां एक दीवार की ओट में छिपकर आरोपी का इंतजार करने लगे। थोड़ी देर बाद नवीन शर्मा अपने बेटे मयंक व सात अन्य लोगों के साथ कक्कड़ कार्यालय पर पहुंचा। युद्धवीर सिंह ने उसे हिरासत में ले लिया। यह देखते ही आरोपी के बेटे मयंक और सात अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। युद्धवीर सिंह और नवीन के साथ मारपीट कर हमलावरों ने आरोपी नवीन शर्मा को छुड़ा लिया और सभी फरार हो गए।

पुलिस की लोगों ने नहीं की मदद

जब आरोपी पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई कर रहे थे तो आसपास लोग जुट गए थे, लेकिन किसी ने पुलिस कर्मियों को बचाने का प्रयास नहीं किया। पीएसआइ युद्धवीर ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। पीसीआर पहुंचने में समय लग गया, इसलिए आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।

Tags

Next Story