खुद को मृत दिखा 12 साल से सोनीपत में रह रहा था शराब तस्करी का आरोपी, मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवाया, ऐसे पकड़ा गया

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
खुद को मृत घोषित करवाकर 12 साल से सोनीपत में रह रहे आरोपी को सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। शराब तस्करी के आरोपी ने कोर्ट कार्रवाई से बचने के लिए अपने परिजनों संग मिलकर अपना मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया था।
दिल्ली अग्निशमन विभाग में कार्यरत भंवर सिंह ने डीसी को शिकायत देकर बताया था कि उसके संज्ञान में आया कि आर्मी कैंटीन के सामने रहने वाला संजय पुत्र ओमप्रकाश कागजों में मृत है। इस पर उसने पता लगाया तो उसे जानकारी मिली कि गांव नकलोई का रहने वाला संजय शराब माफिया रहा है। उस पर उत्तराखंड में शराब तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहां के न्यायालयों की कार्रवाई से बचने के लिए संजय के भाई नरेंद्र कुमार ने नगर परिषद ( अब नगर निगम ) व सामान्य अस्पताल में अपने भाई संजय की मौत होने की सूचना दे दी थी। उसने स्वास्थ्य विभाग से अपने भाई संजय का मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया था।
उसे उत्तराखंड कोर्ट में दाखिल करा दिया था। उसके चलते न्यायालय के मामले बंद कर दिए गए थे। उसके बाद संजय निजी कंपनी में वाहन चालक की नौकरी करने लगा। यह मामला भंवर सिंह ने अधिकारियों के सामने उठाया था। उसने न्यायालय के साक्ष्य प्रस्तुत किए थे। उसके बाद एसपी और डीसी को शिकायत दी थी। अधिकारियों ने एएसपी मुख्यालय उपासना सिंह से इसकी जांच कराई थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर खुद को मृतक दिखाने वाले संजय, उसकी पत्नी रितु, संजय के भाई नरेंद्र और नरेंद्र की पत्नी माया के खिलाफ 6 जनवरी को मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। सिटी थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित संजय को गिरफ्तार कर लिया है। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि आरोपी संजय को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS