Adampur By-Poll : आदमपुर उपचुनाव में सभी पार्टियों के प्रत्याशी पुराने कांग्रेसी, ये है सभी का राजनीतिक बैकग्राउंड

सुरेन्द्र असीजा : फतेहाबाद
आदमपुर उपचुनाव में सभी पार्टियों ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। इनेलो द्वारा कुरड़ाराम नंबरदार को टिकट देने के साथ ही यहां एक नया संयोग बन गया है। खास बात यह है कि मैदान में उतरे सभी प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवार पुराने कांग्रेसी रहे हैं और दल-बदल कर अब कांग्रेस के सामने ही ताल ठोक रहे हैं। भाजपा के भव्य बिश्नोई और आम आदमी पार्टी के सतेंद्र सिंह नामांकन पत्र भर चुके हैं जबकि इनेलो के कुरड़ाराम नंबरदार और कांग्रेस के जेपी शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इनमें से तीन उम्मीदवार तो ऐसे हैं जो कांग्रेस पार्टी की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं।
भव्य को हिसार लोकसभा में मिले थे 1.84 लाख वोट
आदमपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी से चुनाव लड़ रहे कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई का परिवार पुराना कांग्रेसी है। भव्य के दादा चौधरी भजनलाल साढे 12 साल तक हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे। भव्य के पिता कुलदीप हिसार और भिवानी से सांसद रह चुके हैं। भव्य ने कांग्रेस की टिकट पर हिसार से 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा था तथा उन्हें 1.84 लाख वोट मिले थे, पर वे भाजपा के बृजेंद्र सिंह से हार गए थे।
किसान नेता कुरड़ाराम ने एक दिन पहले छाेड़ी कांग्रेस
कांग्रेस छोड़कर गुरुवार को ही इनेलो में शामिल हुए कुरड़ाराम नंबरदार को पार्टी ने 2 घंटे में ही टिकट दे दिया। कुरड़ारामपुराने कांग्रेसी हैं तथा किसान आंदोलन में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में जाने के बाद वे कांग्रेस की टिकट मांग रहे थे लेकिन पार्टी ने जेपी को टिकट दे दिया। इनेलो में शामिल हुए कुरड़ाराम पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसी लाल के करीबी रहे। बंसीलाल जब कांग्रेस में थे तो वे उनके साथ कांग्रेस में थे। कांग्रेस छोड़ने के बाद बंसी लाल ने हरियाणा विकास पार्टी बना ली। हविपा की टिकट पर 2000 में आदमपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ा। इसके बाद बंसीलाल ने हविपा का कांग्रेस में विलय कर दिया। वे कांग्रेस में प्रदेश संगठन सचिव भी रह चुके हैं। वे काफी समय से आदमपुर में जल संघर्ष समिति के तहत आदमपुर क्षेत्र में पानी के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
2014 में कांग्रेस की टिकट पर लड़े थे सतेंद्र सिंह
आदमपुर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सतेंद्र सिंह ने 2014 का विधानसभा आम चुनाव कांग्रेस पार्टी की टिकट पर लड़ा था। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई के कांग्रेस में आने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा ज्वाइन की और 2019 के आम चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिली। अब कुलदीप के भाजपा में आने के बाद सतेंद्र ने भाजपा छोड़ दी और आम आदमी पार्टी ज्वाइन की।
तीन बार सांसद रह चुके हैं जेपी, 2009 में लड़ा था चुनाव
कांग्रेस पार्टी ने आदमपुर उपचुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी को मैदान में उतारा है। जेपी तीन बार सांसद रहे चुके हैं तथा केंद्र में पेट्रोलियम मंत्री भी रहे हैं। जेपी ने कांग्रेस पार्टी की टिकट पर 2009 में आदमपुर में चुनाव लड़ा था उस समय कुलदीप बिश्नोई अपनी पार्टी हजकां से प्रत्याशी थे। जेपी कुलदीप से चुनाव हार गए थे। अब जेपी का मुकाबला कुलदीप के बेटे भव्य बिश्नोई से है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS