पत्नी की हत्या कर पति ने दफना दिया शव, पुलिस ने कब्र खोदकर निकाला

पत्नी की हत्या कर पति ने दफना दिया शव, पुलिस ने कब्र खोदकर निकाला
X
मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि आरोपी दामाद ने पहले उसकी बेटी को नशीला पदार्थ दिया। इसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी और उन्हें बिना बताए शव दफना दिया।

हरिभूमि न्यूज. यमुनानगर

जगाधरी की गंगानगर कॉलोनी में विवाहिता की मौत के बाद उसके पति ने शव दफना दिया। विवाहिता की मां ने दामाद पर दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसके दामाद ने पहले उसकी बेटी को नशीला पदार्थ दिया। इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में केस दर्ज किया है। बुधवार को पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

ग्रीन विहार कॉलोनी निवासी नूरजहां ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह साल पहले उसने अपनी बेटी साबिया की शादी गंगानगर कॉलोनी निवासी इरशाद के साथ की थी। इरशाद की उसकी बेटी से दूसरी शादी थी। इरशाद की पहली पत्नी ने भी दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या की थी। इस मामले में इरशाद जेल काट कर आया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही इरशाद साबिया को दहेज के लिए परेशान करने लगा। अब आरोपी इरशाद नशा करने लगा था। जिस कारण उसने कई लोगों के रुपये ले रखे थे। उन्हें रुपये देने के लिए उसका दामाद उसकी बेटी से रुपये मंगवा रहा था। जब उसकी बेटी ने रुपये लेकर आने से मना किया तो 20 जुलाई को आरोपी ने उसकी बेटी से मारपीट कर घर से निकाल दिया। 23 जुलाई को आरोपी उनके घर आया और माफी मांगकर उसकी बेटी को ले गया।

24 जुलाई को उन्हें सूचना मिली कि उसकी बेटी की मौत हो गई है। तब आरोपी इरशाद ने पुलिस को कोई सूचना दिए बिना रिश्तेदारों को बुलाकर उसके शव को दफना दिया। बाद में उन्हें पता चला था कि उसकी बेटी साबिया के शरीर पर चोटों के निशान थे। मुंह से झाग निकल रहा था। आरोप है कि आरोपी इरशाद ने उसकी बेटी को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करके उसकी दम घोंटकर हत्या की है। इसके बाद शव दफना भी दिया। शहर जगाधरी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि मृतका की मां की शिकायत पर आरोपी इरशाद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। महिला के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।


--

Tags

Next Story