युवक की संदिग्ध मौत के बाद महिला ने फांसी लगाकर दी जान, रिश्ते में लगते थे देवर- भाभी

हरिभूमि न्यूज :जींद
गांव उचाना कलां में युवक की हुई संदिग्ध मौत के बाद पडोसी महिला ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि उचाना थाना पुलिस ने युवक की संदिग्ध मौत के मामले में फांसी लगाकर जान देने वाली मृतका महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ जहर देकर हत्या का मामला दर्ज किया था, अब महिला द्वारा फांसी लगाकर जान देने पर उचाना थाना पुलिस ने मृतक युवक की भाभी समेत छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। दिन में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगडा भी हुआ था। दोनों रिश्ते में देवर भाभी लगते थे। महिला एक बच्चे की मां थी तो मृतक युवक भी एक लडकी का पिता था और रोहतक लख्मी चंद यूनिवर्सिटी में चालक के पद पर कार्यरत था। उचाना थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से न केवल परिवार में दरार पैदा हो गई, बल्कि दोनों परिवारों के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमों ने उन्हों दोराहे पर खडा कर दिया।
गांव उचाना कलां निवासी अजय कुमार (24) को पडोसी शुक्रवार दोपहर को बुलाकर अपने घर ले गए थे। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर जब अजय की भाभी मुकली देवी पडोसी के घर पहुंची तो अजय जमीन पर पडा हुआ था और उसके हाथ पांव बांधे गए थे। मुहं से झाग निकल रहे थे। साथ ही पडोसी अजय को पीट भी रहे थे। मुकली देवी ने आसपास के लोगों के सहयोग से अजय को लेकर सामान्य अस्पताल उचाना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन अजय की रास्ते में ही मौत हो गई। उचाना थाना पुलिस ने मुकली देवी की शिकायत पर पडोसी मृतक की रिश्ते की भाभी, उसके पति, ससुर के खिलाफ बंधक बना जहर देकर हत्या करने का मामला दर्ज किया है।
मृतक समेत सात पर मामला दर्ज
अजय की मौत की सूचना मिलने पर पडोस में रिश्ते की भाभी (25) ने भी फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के ससुर ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्र वधू घर में अकेली थी उसी दौरान अजय घर में घुस आया और उसकी पुत्र वधू के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। अजय तथा उसके परिजनों से तंग आकर और अपनी बेईज्जती महसूस करते हुए अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उचाना थाना पुलिस ने मृतका के ससुर की शिकायत पर मृतक अजय, उसकी भाभी मुकली देवी, भाई सोनू, बहन कमलेश तथा सुदेश, गांव कलासर निवासी सुरेश व गांव बनारसी निवासी संदीप के खिलाफ आत्महत्या के लिएमजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
दोनों मृतक रिश्ते के देवर भाभी, एक-एक बच्चों के मां-बाप
गांव उचाना कलां निवासी मृतक अजय तथा मृतक महिला आपस में रिश्ते में देवर भाभी है और परिवारिक तौर पर भी नजदीकी रिश्ता है। महिला एक लडके की मां है तो मृतक अजय भी एक बेटी का बाप है। मृतक अजय रोहतक लख्मी चंद यूनिवर्सिटी में चालक के पद पर कार्यरत था। मृतक महिला के ससुर ने अजय को अपने घर आने से मना किया हुआ था। बावजूद इसके मौका मिलते ही अजय उनके घर पहुंच जाता था। जिसको लेकर शुक्रवार को झगडा भी हुआ था।
उचाना थाना प्रभारी सोमबीर ने बताया कि मृतक युवक की भाभी की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बाद में महिला ने भी फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसपर मृतक युवक समेत सात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS