सब्जियों के बाद अब नवरात्र में फलों के दामों में लगी आग

हरिभूमि न्यूज : महेंद्रगढ़
साब्जियों के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के बीच अब फलों (Fruits) के दामों में आग लग गई है। नवरात्र (Navratri) शुरू होते ही फलों के दाम एकाएक बढ़ गए हैं। जिसके कारण इनमें 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि हो गई है। नवरात्र में फलों की डिमांड ज्यादा होने के कारण इनके दामों में वृद्धि देखने को मिली है। फलों की बात की जाए तो सबसे ज्यादा वृद्धि केले, अनार, सिंघाड़ा में हुई है। वहीं सेब के दाम भी कुछ बढ़े हैं। इनके अलावा अन्य फलों के दामों में भी किसी में 25 तो किसी में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
कई दिनाें से सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हुए हैं। आलू, प्याज के रेट बहुत ही अधिक हो गए हैं। आलू जहां 30 रुपए से 40 रुपए किलोग्राम मिल रहा है तो प्याज के भाव भी 30 से 35 रुपए प्रतिकिलो चल रहे हैं। वहीं नई मौसमी सब्जियाें के दाम भी कम नहीं हैं। बाजार में आए नए मटर के दाम 120 रुपए प्रतिकिलो हैं। सब्जियों के दामों में यह वृद्धि बरसात के मौसम के बाद से ही हो रही है, मगर फलों के दाम कई दिनों से स्थिर थे।
फलों के दामों की बात की जाए तो करीब दो माह से सेब 50 रुपए किलो तथा केला 30 रुपए दर्जन के हिसाब से मिल रहा था। वहीं अनार भी 50 से 70 रुपए किलो के हिसाब से आसानी से मिल जाता था, मगर अब नवरात्र शुरू होते ही व्रत करने वालों मंे इनकी डिमांड होने लगी है। जिसके चलते फलों के दाम भी दो दिनों में अचानक बढ़ गए हैं। दो दिनों में फलों के दाम बढ़ जाने के कारण आम आदमी का इनको खरीदना भी अब आसान नहीं रहा। फल विक्रेता अजीत कुमार व महेश ने बताया कि नवरात्र आने पर फलों के दाम हर बार बढ़ते हैं। नवरात्रों पर सबसे ज्यादा डिमांड केले की होती है। वहीं लोग सिंघाड़ा तथा पपीता आदि भी ज्यादा लेते हैं। जिसके चलते सबसे ज्यादा दाम भी केले, सिंघाड़ा व पपीता के ही बढ़ते हैं। इनके अलावा अन्य फलों के दाम भी बढ़ जाते हैं।
नवरात्र जाने के बाद कम हो जाएंगे दाम
फल विक्रेताओं ने बताया कि फलों के दाम केवल नवरात्र में ही ज्यादा होते हैं। नवरात्र समाप्त होने के बाद ये अपने आप कम होने लग जाते हैं। वहीं मौसमी फलों के दाम कम हो जाते हैं तथा अन्य फल जिनका सीजन कम हो जाता है, उनके दाम बढ़ते चले जाते हैं। उन्होंने बताया त्यौहारी सीजन में दाम बढ़ना स्वाभाविक है।
क्या हैं इस समय फलों के रेट, प्रति किलो
फल पहले अब
सेब 70 100
केला 30 एक दर्जन 50 एक दर्जन
अनार 100 130
मौसमी 30 40
नारियल 40 50
तरबूज 20 35
पपीता 30 40
बब्बू गोशा 80 100
सिंघाड़ा 25 35
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS