गणतंत्र दिवस को लेकर अलर्ट : होटल, धर्मशाला, सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ी, सीमाएंं होंगी सील

हरिभूमि न्यूज : रोहतक
गणतंत्र दिवस को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करते हुए अलर्ट घोषित किया है। सभी सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर किए गए हैं। एसएचओ ने अपने एरिया में कांबिंग शुरू कर दी है। होटल, धर्मशाला, साइबर कैफे पर चैकिंग की जा रही है। हाइवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग शुरू की गई है।
एसपी उदय सिंह मीना ने सभी एसएचओ को दिशा निर्देश जारी किए हैं। दरसअल, रोहतक देश की राजधानी दिल्ली से सटा हुआ है। यहां अब तक तीन बार बम ब्लास्ट हो चुके हैं। दिल्ली में गणतंत्र दिवस के आसपास के दिनाें में बम ब्लास्ट की धमकियां मिलती रहती हैं। इसलिए सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
होटलों की हो रही जांच
पुलिस की अलग अलग टीमों ने अपने एरिया में स्थित होटल, धर्मशालाओं को खंगालना शुरू कर दिया है। होटल संचालकों को सख्त आदेश दिए गए हैं कि वह होटल में आने वाले सभी लोगों का रिकार्ड पुलिस को मुहैया करवाएं। इसके अलावा किसी संदिग्ध व्यक्ति को कमरा न दें। वहीं शहर के भिवानी रोड, झज्जर रोड, हिसार, जींद, सोनीपत और दिल्ली की तरफ जाने वाले सड़क मार्ग पर नाकाबंदी की गई है। इस दौरानशहर में आने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर बाहरी लोगों की वीडियोग्राफी भी होगी।
सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षाकर्मी तैनात
शहर के किला राेड, भिवानी स्टैंड, नया बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, तिलयार झील, राजीव गांधी स्टेडियम, पुलिस लाइन, लघु सचिवालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई गई है। यहां सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा मुख्य बाजारों में भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
साइबर कैफे को रखना होगा रिकार्ड
हर थाना की टीम सम्बंधित एरिया में स्थित साइबर कैफे का निरीक्षण कर रही है। कैफे संचालकों को सख्त आदेश दिए गए हैं कि वह किसी भी व्यक्ति को बिना आईडी के कम्प्यूटर का प्रयोग न करने दें। उन्हें रजिस्ट्र मेनटेन करना होगा। आदेश नहीं मानने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यहां दे सकते हैं सूचना
एसपी ने आमजन से अपील की है कि आपके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति रहता है तो उसकी सूचना संबंधित थाना, चौकी में दे। अगर आपको कोई संदिग्ध वस्तु या वाहन मिलता है तो इसकी सूचना भी तुरंत दें। इसके अलावा डायल 112, 9996464100 या 01262-228113 पर भी सूचने दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान भी गुप्त रखी जाएगी।
हर गतिविधियों पर नजर
सभी जगह पुलिस को अलर्ट किया गया है। पुुलिस ने कांबिंग अभियान शुरू किया है। होटल, धर्मशालाओं समेत सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। -उदय सिंह मीना, एसपी रोहतक
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS