Petrol Pump Strike : हरियाणा के इस जिले में कल 24 घंटों के लिए बंद रहेंगे सभी पेट्रोल पंप, जानिए कारण

Petrol Pump Strike : हरियाणा के इस जिले में कल 24 घंटों के लिए बंद रहेंगे सभी पेट्रोल पंप, जानिए कारण
X
पेट्रोल पंपों पर लूटपाट की घटनाएं हो जाने से परेशान एसोसिएशन ने शुक्रवार सुबह छह बजे से जिले में सभी पेट्रोल पंप बंद रखने का ऐलान किया है।

हरिभूमि न्यूज : सोनीपत

हरियाणा के सोनीपत जिले में शुक्रवार को सुबह छह बजे से सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे के लिए बंद रहेंगे। जिले में पेट्रोल पंपों पर लूटपाट की घटनाएं हो जाने से परेशान एसोसिएशन ने शुक्रवार सुबह छह बजे से पेट्रोल पंप बंद रखने का ऐलान किया है। बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में शासन-प्रशासन से कारोबारी के लिए सुरक्षित माहौल देने की मांग की। वहीं लुटेरों के तत्काल गिरफ्तार नहीं होने पर प्रदेश के पेट्रोल पंप को बंद कराने की चेतावनी दी गई है।

पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को आपात बैठक का आयोजन किया। पेट्रोल पंप संचालकों ने लगातार हो रही लूट की घटनाओं और हमलों के चलते माहौल असुरक्षित होने का आरोप लगाया। जिले के 200 पेट्रोल पंप में से करीब 70 के प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन पर सहयोग नहीं करने और लूटपाट-हमले की घटनाओं को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। पेट्रोल पंप पर लूट की चार घटनाएं हो जाने के बावजूद लुटरों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। पेट्रोल पंप के आसपास सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं। ऐसे माहौल में कारोबार नहीं किया जा सकता है। प्रशासन को चेतावनी देने के लिए पहले 24 घंटे की हड़ताल की जाएगी। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के जिला प्रधान परविंदर सिंह खत्री ने बताया कि लुटेरे पिस्टल और कुल्हाड़ी से हमला करते हैं। इससे सेल्समैन में भय का माहौल है। सेल्समैन काम करने को तैयार नहीं हैं। रात में तो ज्यादातर पंप बंद किए जाने लगे हैं। जब सेल्समैन ही नहीं मिलेंगे तो काम कैसे किया जाएगा। सेल्समैन को सुरक्षा की गारंटी चाहिए।

क्या है पूरा मामला

बुधवार को सोनीपत में टीडीआई कुंडली के पास स्थित कारगिल शहीद श्रीकृष्ण फिलिंग स्टेशन पर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंचे कुल्हाड़ी गैंग ने कारिंदे को घायल कर दिया। हालांकि कारिंदे के साथ ही वहां मौजूद अन्य लोगों व कर्मियों ने शोर मचाकर बदमाशों विरोध किया तो वह नकदी लूटे बिना ही भाग निकले। घायल कारिंदे को प्राथमिक उपचार दिलवाया गया। वहीं लगातार हो रही वारदातों से गुस्साई पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने 26 अगस्त सुबह छह बजे से हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी है। जब तक बदमाश नहीं पकड़े जाएंगे सोनीपत के फिलिंग स्टेशनों पर पेट्रोलियल पदार्थ नहीं बेचे जाएंगे।

लुटेरों को पकड़ा तो 1 लाख का ईनाम

पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने लुटेरों को पकड़वाने या पकड़ने वाले सेल्समैन को एक लाख रुपये का इनाम देने का एलान किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सेल्समैन और ग्राहक मिलकर प्रयास करें तो बाइकर्स लुटेरों को पकड़ा जा सकता है। इसके लिए एसोसिएशन ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

हड़ताल को प्रदेशव्यापी किया जा सकता है

सरकार सुरक्षित व भयमुक्त कारोबारी माहौल उपलब्ध नहीं करा पा रही है। यदि शुक्रवार को लुटेरे गिरफ्तार नहीं किए जाते हैं तो हड़ताल को प्रदेशव्यापी किया जा सकता है। वहीं सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री के आगमन के दिन 28 अगस्त को जिले में सभी पेट्रोल पंप पर काली पट्टी बांधकर कार्य होगा। - राजकुमार कटारिया, प्रदेश सचिव, प्रदेश पेट्रोल पंप एसोसिएशन

Tags

Next Story