कृषि विकास अधिकारी की भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए एग्रीकल्चर स्टूडेंट्स ने किया सद्बुद्धि यज्ञ, बोले...

हिसार। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के एग्रीकल्चर स्टूडेंट्स ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (Haryana Public Service Commission) द्वारा गत 16 अक्टूबर को आयोजित कृषि विकास अधिकारी की भर्ती परीक्षा में हुई कथित धांधली के खिलाफ विश्वविद्यालय गेट नंबर चार पर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विद्यार्थियों ने सरकार और हरियाणा लोक सेवा आयोग प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए सद्बुद्धि महायज्ञ भी करवाया।
गौरतलब है कि इस भर्ती प्रक्रिया में हुई कथित धांधलियों के खिलाफ 17 अक्टूबर से ही विश्वविद्यालय तथा प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालय पर निरंतर प्रदर्शन किया जा रहा है। छात्रों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में उच्च स्तर पर धांधली हुई है जिससे आम गरीब मेहनती किसानों के बच्चों का भविष्य खतरे में है। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि इस मामले में सरकार व आयोग प्रशासन कोई संज्ञान नहीं ले रहा। इसी के चलते आज विश्वविद्यालय का हर विद्यार्थी सड़क पर आने को मजबूर है। गौरतलब है कि प्रदेश में केवल एक ही कृषि विश्वविद्यालय है जिसका नाम विश्व के चुनिंदा संस्थानों में गिना जाता है परंतु आज उसी विश्वविद्यालय के छात्रों को कृषि में नवविचारों को रोककर सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा में प्रसांगिक सवाल भी पूछे गए जो कि किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं हैं। विद्यार्थियों ने सद्बुद्धि यज्ञ के साथ ही सरकार व प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर कृषि विद्यार्थियों के साथ जल्द से जल्द न्याय नहीं हुआ तो विद्यार्थी पक्का मोर्चा लगाने को विवश होंगे। अगर छात्रों को भूख हड़ताल करनी भी पड़ी तो वे पीछे नहीं हटेंगे इसके लिए सरकार वह प्रशासन जिम्मेवार होगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS