AAP को झटका : जिला परिषद चुनाव से एक दिन पहले आम आदमी पार्टी के चेयरमैन उम्मीदवार गिरफ्तार, जानें कारण

हरिभूमि न्यूज : अंबाला
जिला परिषद के चुनाव से एक दिन पहले पुलिस ने आम आदमी पार्टी की ओर से चेयरमैन के तगड़े दावेदार सरदार मक्खन सिंह लबाना को कबूतरबाजी के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया। परिजनों की मानें तो दर्ज मामले में मक्खन सिंह का सीधे तौर पर कहीं नाम नहीं है। उधर चुनाव से ऐन पहले मक्खन सिंह लबाना की गिरफ्तारी पर आप सड़कों पर उतर आई। पार्टी की उत्तरी हरियाणा की संयोजक चित्रा सरवारा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने सीआईए टू स्टाफ के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के साथ पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। फिलहाल पुलिस दर्ज केस में मक्खन सिंह के खिलाफ पुख्ता सबूत होने की बात कह रही है।
पुलिस ने सुबह की घर पर रेड
सीआईए टू के साथ अंबाला छावनी पुलिस ने कबूतरबाजी के एक केस में जिप सदस्य मक्खन सिंह लबाना के रिहायशी भवन पर शनिवार सुबह ही रेड की थी। पुलिस ने तुरंत ही मक्खन को हिरासत में लेकर उसके पूरे घर की भी तलाशी ली गई। इस दौरान उसके परिजनों को कहीं भी आने जाने नहीं दिया गया। काफी देर तक पुलिस कार्रवाई करती रही। इसके बाद पुलिस मक्खन सिंह लबाना को अपने साथ ले गई। पता चला है कि पुलिस ने काफी देर तक लबाना से गहन पूछताछ की। हालांकि उन्होंने दर्ज केस में अपनी संलप्तिता से साफ इंकार किया। उसका आरोप है कि पुलिस ने उसके खिलाफ झूठा केस दर्ज किया है। चुनाव में हार के डर से भाजपा बौखला गई है।
गिरफ्तारी से पहले फेसबुक पर हुए लाइव
पुलिस की रेड के तुरंत बाद ही आप नेता एवं जिप सदस्य मक्खन सिंह लबाना फेसबुक पर लाइव आ गए थे। उन्होंने तुरंत लाइव होकर कहा कि जिला परिषद के चुनाव से एक दिन पहले ही पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए घर के बाहर आ गई है। उसने कहा कि यह भाजपा की चाल है। उसकी जीत को रोकने के लिए यह सोचा समझा षडयंत्र रचा गया है। उसने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें अदालत पर पूरा विश्वास है। पहले भी अदालत ने उसे राहत दी थी।
13 को दर्ज हुआ था कबूतरबाजी का केस
अंबाला छावनी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि 13 दिसंबर को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में मक्खन सिंह लबाना की संलप्तिता पाई गई है। इसी मामले में मक्खन सिंह लबाना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह मामला अंबाला छावनी के वशिष्ठ नगर के रहने वाले नरेंद्र सिंह की शिकायत पर दर्ज किया था। उसका आरोप था कि वह परिवार समेत विदेश में सैटल होना चाहता था। इसी सिलसिले में उसकी मुलाकात तोपखाना बाजार के रहने वाले दो भाई जिनके नाम हनी और गीनी हैं से हुई । ये वैध व अवैध रुप से बाहर भेजने का काम करते हैं। इन लोगों ने उसे परिवार सहित टूरस्टि वीजा पर यूके भेजने की बात कही थी। इसके लिए 20 लाख की मांग हुई। लॉकडाउन लगने से पहले उसने अपना पत्नी सुखवद्रि कौर व अपनी बेटी प्रभनुर कौर का पासपोर्ट व दो लाख रुपये आरोपियों को दे दिए थे। उसका आरोप था कि अब तक न तो उसका वीजा लगा न ही आरोपियों ने पासपोर्ट व पैसे वापिस किए। इसी आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
बता दें कि जिला परिषद के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 15 में से 3 सीटों पर कब्जा किया था। भाजपा को चुनाव में मात्र 2 सीटें मिली हैं। खुद मक्खन सिंह लबाना से वार्ड नंबर-9 से भाजपा के प्रत्याशी मनदीप सिंह राणा को 734 वोट से शिकस्त देकर जीत हासिल की थी। लबाना को जिला परिषद के चुनाव से पहले जान से मारने की धमकी मिली थी। तब उन्हें चुनाव लड़ने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। तब नग्गल थाना पुलिस ने उनकी शिकायत पर अनजान आरोपी के खिलाफ धारा 506 के तहत केस दर्ज किया था। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस ने धमकी देने वाले को काबू नहीं किया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS