Ambala : इटली भेजने का लालच देकर एजेंट ने ठगे लाखों, 3 पर दर्ज हुआ केस

Ambala : इटली भेजने का लालच देकर एजेंटों ने एक युवक से 4.95 लाख रुपए ठग लिए। युवक का आरोप है कि एजेंटों ने उसे इटली भेजने की बात कही थी लेकिन उसे आर्मेनिया के येरेवान शहर में बंधक बना लिया। यहां उसके दस्तावेज व नकदी छीनकर उसे रिहा कर दिया। इसके बाद उसे आर्मेनिया की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस ने युवक से ठगी करने वाले 3 एजेंटों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव राउमाजरा के सौरव ने बताया कि 15 जून को उसकी मोहड़ी के एजेंट राम से मुलाकात हुई। वह भी विदेश जाना चाहता था। राम की रिश्तेदारी पड़ोस में होने के कारण उसने इटली जाने की बात की। आरोपी ने कहा कि वैसे तो 10 से 12 लाख का खर्च आता है लेकिन जानकारी में होने के नाते आपको 8 लाख रुपए में इटली भेज देंगे। एजेंट ने उसे बताया कि पहले उसको आर्मेनिया भेजा जाएगा। यहां से उसे इटली रवाना किया जाएगा। आरोपियों ने तब उससे पासपोर्ट, पैन कार्ड, आधार कार्ड और 4 लाख रुपए एडवांस मांगे थे। इसके बाद कहा कि 4 लाख रुपए इटली पहुंचने के बाद देने होंगे। उसने अपने चाचा परमाल व दर्शन लाल से बात की। उसके परिजन इटली भेजने को तैयार हो गए। उसने सभी दस्तावेज एजेंट दीप के नंबर पर भेज दिए। आरोपी ने फाइल का खर्च भी मांगा। गांव फडौली के काका, मोहड़ी के राम व दीप के पिता पवन कुमार ने पैसे की जिम्मेदारी ली।
युवक ने बताया कि उन्होंने एजेंट को 1.75 लाख रुपए एडवांस दिए थे। इसके बाद आरोपी एजेंट दीप ने 4 जुलाई को फर्जी वीजा भेज दिया और कहा कि 3 महीने का टूरिस्ट वीजा है। कुछ दिन आर्मेनिया में रुकने के बाद उसे सीधे इटली भेज दिया जाएगा। इसके बाद 7 जुलाई को राम उनके घर आया और एक लाख रुपए लेकर चला गया। उसकी 9 जुलाई को सुबह 5 बजे की फ्लाइट थी। वह 8 जुलाई की रात को ही जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंच गया। वह आर्मेनिया पहुंच गया। यहां दीप उसे अपने एक फ्लैट पर लेकर चला गया। यहां पहले से 20-22 भारतीय थे। जब वह अगले दिन इटली जाने के बारे में पूछने लगा तो उसे टॉर्चर करने लगे। उसे कहा कि हमारा इटली तो यही है। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। खाना देना बंद कर दिया। आरोपी ने उसके दस्तावेज और 1 लाख रुपए छीन लिए। आरोपी एजेंट ने उसके चाचा के पास फोन कराया कि बाकी बचा हुआ पैसा ट्रांसफर कर दो, वरना तुम्हारे लड़के को मार देंगे। उसके चाचा ने 80 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में धक्के देकर बाहर निकाल दिया। उसके चाचा ने 18 अगस्त को दिल्ली की टिकट कराई और 19 अगस्त को वापस घर लौटा। अब पुलिस ने आरोपी पवन, काका व राम के खिलाफ केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें - Sonipat : नाका लगाकर जांच कर रही टीम ने भारी मात्रा में पकड़ी अवैध शराब
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS