Ambala : रेहड़ी-फड़ी विवाद में बनी टकराव की स्थिति, विधायक को दी चुनौती

- जजपा नेता ने किया ऐलान, लाठी की जगह गोली लेकर आए पुलिस, वे मरने के लिए तैयार
- 45 दिन से धरने पर बैठे रेहड़ी फड़ी वालों ने अब जबरन रेहड़ियां लगाने का लिया निर्णय
Ambala : रेहड़ी फड़ी विवाद अब टकराव की स्थिति में पहुंच गया है। रोजगार के लिए 45 दिनों से धरने पर बैठे रेहड़ी फड़ी वालों ने अब जबरन रेहड़ियां लगाने का ऐलान कर दिया। प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे जजपा के अंबाला शहरी अध्यक्ष विवेक चौधरी ने कहा कि मंगलवार सुबह सभी रेहडी व फड़ियां लगाई जाएंगी। अगर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे इसका डटकर विरोध करेंगे। उन्होंने विधायक असीम गोयल को एक बार फिर चुनौती दी। उधर होलसेल कपड़ा मार्केट के दुकानदार फिर रेहड़ी फड़ी वालों के खिलाफ विरोध में डट गए हैं। दुकानदारों की ओर से फिर से पूरे बाजार में होर्डिंग्स (Hoardings) लगाकर ऐलान किया कि वे रेहड़ी फड़ी के मामले में राजनीति करने वालों को वोट नहीं देंगे। ऐसे में सरकार दोनों तरफ से घिरी हुई नजर आ रही है।
होलसेल कपड़ा मार्केट के बाहर 45 दिन से धरने पर बैठे रेहड़ी फड़ी वालों को संबोधित करते हुए जजपा नेता विवेक चौधरी ने कहा कि दुख की बात है कि रोजगार छिन जाने के कारण रेहड़ी फड़ी वाले आर्थिक संकट का सामना कर रहे है। मगर प्रशासन के किसी अधिकारी को उन पर तरस नहीं आया। प्रशासन गरीब लोगों की रेहड़ी नहीं लगने दे रहा। सरकार ने लाइसेंस दिया है, जगह भी फिक्स कर रखी है। उन्होंने विधायक असीम गोयल को खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि मंगलवार को वे रेहड़ी फड़ियां लगाएंगे। विधायक में दम होगा तो वे खुद मौके पर पहुंचकर रेहड़ियां हटवाए। जब तक रेहड़ी वालों से वसूली की जा रही थी, तब तक तो रेहड़ी फड़ी वैध थी। पुलिस ने वसूली करने वाले 2 के खिलाफ मामला भी दर्ज किया।
उन्होंने आरोप लगाए कि विधायक के खास तीसरे आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। वे शांति पूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें धमकाया जा रहा है। कई पुलिस अधिकारी विधायक के लिए काम कर रहे हैं। हमारे फोन करने पर पुलिस मौके पर नहीं आती, लेकिन उसके जाने के बाद रेहड़ी फड़ी वालों को पुलिस के कुछ जवान धमकाने के लिए आ जाते हैं। मंगलवार को पुलिस डंडा की बजाय गोली लेकर पहुंचे। वे वैसे भी रोजगार जाने के बाद वे आर्थिक संकट में फंसे हैं। ऐसे में तो मर जाना ही ठीक है।
दुकानदार बोले, नहीं देंगे वोट
होलसेल कपड़ा मार्केट के दुकानदारों ने एक बार फिर पूरे बाजार में होर्डिंग्स लगाकर ऐलान किया कि रेहड़ी फड़ी वालों को समर्थन करने वाले नेताओं को वे वोट नहीं देंगे। होलसेल कपड़ा मार्केट एसोसिएशन के बैनर तले लगाए गए बोर्ड्स पर साफ लिखा गया कि कुछ लोग रेहड़ी फड़ी के मामले में राजनीति कर रहे हैं। जजपा के साथ हरियाणा जनचेतना पार्टी, आम आदमी पार्टी व कांग्रेस के साथ भाजपा के कई नेता भी रेहड़ी फड़ी वालों को पुरजोर समर्थन दे चुके हैं। फ्लैक्स लगाने में होलसेल क्लॉथ मार्केट एसोसिएशन अंबाला, होलसेल जनरल मर्चेंट डीलर एसोसिएशन, सुपर और आदर्श मार्केट एसोसिएशन और ट्रेड मुलाजिम यूनियन क्लॉथ मार्केट भी शामिल बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें - Nitin Gadkari बोले : निराशा से भरा पूरा विश्व शांति के लिए देख रहा भारतीय संस्कृति
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS