Ambala : अमेरिका भेजने के नाम पर सर्बिया में बंधक बनाया युवक, एजेंटों ने जमकर की मारपीट

Ambala : अमेरिका भेजने के नाम पर सर्बिया में बंधक बनाया युवक, एजेंटों ने जमकर की मारपीट
X
  • एक महीने में अमेरिका भेजने की बात कही थी, 22 लाख से ज्यादा की रकम ली हड़प
  • पुलिस ने पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस

Ambala : अमेरिका जाने से पहले ही एजेंटों ने सर्बिया में एक युवक को बंधक बना लिया। इस दौरान पैसों को लेकर उसे जमकर प्रताड़ित किया गया। युवक के कपड़े उतारकर उसकी निर्ममता के साथ पिटाई की गई। युवक की मां ने एसपी को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अब पुलिस ने दो एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंबाला के नई निहारसी गांव की रहने वाली कंवलजीत कौर ने बताया कि उसका बड़ा बेटा अमेरिका में रहता है। उसने अपने छोटे बेटे दिलप्रीत सिंह को अमेरिका भेजने के लिए पिहोवा के अपने रिश्तेदार समर सिंह मुलतानी और गैरी मुलतानी से संपर्क किया था। आरोपियों ने 40 लाख रुपए में दिलप्रीत काे अमेरिका भेजने की बात कही। 20 लाख रुपए एडवांस मांगे। फरवरी 2022 में उसने दोनों आरोपियों को अपने बेटे का पासपोर्ट और 4,78,500 रुपए कैश दिया था। 21 फरवरी को आरोपियों ने कहा कि उसके लड़के का दुबई का टूरिस्ट वीजा आ गया है। पहले दिलप्रीत को दुबई भेजेंगे। उसके बाद सर्बिया और फिर यूरोप के रास्ते अमेरिका भेज देंगे। इसमें एक महीने का समय लगेगा। 26 फरवरी को उसका बेटा दिल्ली से दुबई गया। 3 लाख एजेंट समर सिंह ने एडवांस लिए। 22 मार्च को फिर 6 लाख रुपए आरटीजीएस से जमा कराए। फिर 2 लाख आरटीजीएस कराए। जून 2022 में आरोपी के घर 2 लाख दिए। 29 जून को एजेंट के ऑफिस में 1.50 लाख रुपए दिए।

महिला के मुताबिक आरोपियों ने उसे कहा था कि एक महीने में उसके बेटे को अमेरिका भेज देंगे। लेकिन उसके बेटे को 6 माह तक दुबई में रोक कर रखा। 22 जुलाई 2022 को आरोपी समर ने उसके बेटे को सर्बिया भेज दिया। यहां 3 माह तक बंधक बना कर रखा। पैसों को लेकर जमकर मारपीट की। सर्बिया से मारपीट का वीडियो भी उनके पास भेजा। उसका बेटा 2 माह अपने चाचा के पास इटली चला गया। 2 माह बाद एजेंट ने उसके बेटे को इटली से स्पेन जाने की बात कही। उसके बेटे को 3 माह तक स्पेन रखा। यहां उसके बेटे के पास सिर्फ 2 लाख रुपए थे, जो एजेंट समर सिंह ने ले लिए। आरोपी एजेंट ने 21 लाख 28 हजार 500 रुपए हड़प लिए, लेकिन उसके बेटे को अमेरिका नहीं भेजा। नग्गल पुलिस ने इमिग्रेशन एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें - Sirsa : गोबिंद कांडा के उद्घाटन करने से पहले ही उखाड़ दी शिला

Tags

Next Story