G20 Summit : अमेरिकी राजदूत और ब्राजील के प्रतिनिधियों ने खरीदी चंद्रकांत की कलाकृति

G20 Summit : अमेरिकी राजदूत और ब्राजील के प्रतिनिधियों ने खरीदी चंद्रकांत की कलाकृति
X
करीब 2 दशक पहले नेशनल अवार्ड प्राप्त कर चुके चंद्रकांत ने विदेशी शख्यितों को भी अपने हाथ के हुनर से बखूबी प्रभावित किया।

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़। जी-20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) में भाग लेने आए विदेशी मेहमानों के बीच भारतीय कला का प्रदर्शन करने के लिए सरकार द्वारा बहादुरगढ़ के चंद्रकांत बोंदवाल को भी अवसर दिया गया। करीब 2 दशक पहले नेशनल अवार्ड प्राप्त कर चुके चंद्रकांत ने विदेशी शख्यितों को भी अपने हाथ के हुनर से बखूबी प्रभावित किया। भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गारसेटी अंडरकट पेंडेंट खरीदा। ब्राजील के प्रतिनिधियों ने भी एक पेंडेंट खरीदा।

दिल्ली के प्रगति मैदान पर विदेशी मेहमानों के लिए विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई। जिसमें भारतीय कलाकारों ने पारम्परिक हस्तकला के साथ आधुनिक परिवर्तन करते हुए सभी आगुंतकों को प्रभावित किया। दुनिया भर के विशिष्ट लोगों ने हरियाणा की शान कहे जाने वाले काष्ठ कला में पारंगत हस्तशिल्पी चंद्रकांत बोंदवाल की कला साधना को सराहा। दरसअल, बहादुरगढ़ की नई बस्ती में रहने वाले चंद्रकात बोंदवाल को चंदन की लकड़ी का अंडर कार्विंग पेंडेंट बनाने के लिए 2004 में भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय सम्मान मिल चुका है। तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम से यह सम्मान प्राप्त करने के बाद भी चंद्रकांत उसी शिद्दत से कला को समर्पित हैं।

डोडी के नाम से मशहूर चंद्रकात बोंदवाल को 2004 में ही यूनेस्को द्वारा एशिया में प्रथम रहने पर पुरस्कार दिया गया था। उनको यह पुरस्कार घास से लेकर सोने तक के आभूषण बनाने के लिए दिया गया था। तीन पीढ़ी से हस्तशिल्प को समर्पित बोंदवाल परिवार ने अपनी मुंह बोलती काष्ठ मूर्तियों से विश्व भर के लोगों से सरहाना प्राप्त की है और हरियाणा का मान समान बढ़ाया है। चंद्रकांत के दादा स्व. जयनारायण बोंदवाल को वर्ष 1999 में चंदन की लकड़ी पर अंबारिया हाथी बनाने, चंद्रकांत के पिता महावीर प्रसाद को वर्ष 1979 में हांथीदांत के आकार वाली लकड़ी पर 16 हाथी बनाने और चाचा राजेंद्र प्रसाद को वर्ष 1984 में हाथी दांत की ही नक्काशी के लिए राष्ट्रीय अवार्ड मिल चुके हैं। दुनियाभर से आए मेहमानों ने भारतीय हस्तशिल्प के महारथी चंद्रकांत की कला को मुक्तकंठ से सराहा।

ये भी पढ़ें- सीआईएसएफ इंटर-सेक्टर हॉकी चैंपियनशिप शुरू, 8 टीमें ले रही हैं भाग

Tags

Next Story