Amit Shah Live : फरीदाबाद में अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना... हुड्डा की सरकार में दरबारी, दामाद और डीलर थे

Amit Shah Live : फरीदाबाद में अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना... हुड्डा की सरकार में दरबारी, दामाद और डीलर थे
X
फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित हुड्डा मैदान में उत्थान रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने आयोजित कार्यक्रम में 6,600 करोड़ रुपये से अधिक लागत की चार परियोजनाओं के उदघाटन व शिलान्यास किए।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरियाणा के दौरे पर हैं। शाह ने फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित हुड्डा मैदान में उत्थान रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान अमित शाह ने सीएम खट्टर को सरकार के आठ वर्ष पूरे करने के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री हरियाणा का चहुंमुखी विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने 8 साल में हरियाणा को बदलने का काम किया है। मनोहर लाल के रूप में आजादी के बहुत समय के बाद पूरे हरियाणा को एक मुख्यमंत्री मिला है। उन्होंने कहा कि पहले या तो मुख्यमंत्री सिरसा या फिर रोहतक के होते थे, हरियाणा के नहीं होते थे। हमारा मुख्यमंत्री पूरे हरियाणा का मुख्यमंत्री है।

उन्होने कहा, 8 साल के पहले का हरियाणा आप याद करिए। एक सरकार बनती थी तो भ्रष्टाचार होता था और दूसरी बनती थी तो गुंडागर्दी होती थी। लेकिन मनोहर लाल की भाजपा सरकार ने ना भ्रष्टाचार होने दिया और न ही गुंडागर्दी। हुड्डा जी की 3डी सरकार थी, जिसमें दरबारी थे, दामाद थे और डीलर थे।

इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने आयोजित कार्यक्रम में 6,600 करोड़ रुपये से अधिक लागत की चार परियोजनाओं के उदघाटन व शिलान्यास किए। अमित शाह ने लगभग 5,618 करोड़ रुपये लागत की हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास, सोनीपत जिला के बड़ी में बने 590 करोड़ रुपये लागत के रेल कोच नवीनीकरण कारखाने का उद्घाटन किया। उन्होंने 315 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से रोहतक में बने देश के पहले सबसे लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण किया तथा भोंडसी में 106 करोड़ रुपये की लागत के हरियाणा पुलिस आवास परिसर का उद्घाटन किया।

हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया

केंद्रीय गृहमंत्री ने पिछले 8 साल में हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और मुख्यमंत्री सहित उनकी पूरी टीम को शाबाशी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा पहला राज्य है जो धुंआ मुक्त बना है। हरियाणा में हर घर में गैस का चूल्हा है। खाद्यान्न और दुग्ध उत्पादन में हरियाणा दूसरे स्थान पर है। नेशनल गेम्स और ओलंपिक में हरियाणा पहले स्थान पर रहा है। हरियाणा देश का पहला पढ़ी लिखी पंचायतों वाला राज्य बना है। पूरा हरियाणा खुले में शौच मुक्त है। 6 प्रतिशत से अधिक की विकास दर के साथ हरियाणा हर क्षेत्र में आगे रहा है। मैन्युफैक्चरिंग की विकास दर तो 10 प्रतिशत रही है। शाह ने कहा कि 10 साल पहले सॉफ्टवेयर निर्यात में हरियाणा का नाम तक नहीं था लेकिन आज हरियाणा दूसरे नंबर का राज्य बना है। सड़क पर चलने वाली हर दूसरी गाड़ी हरियाणा में बनती है।

प्रदेश सरकार ने गुरुग्राम को उद्योग का हब बनाने का काम किया

शाह ने कहा कि पिछले 8 सालों में हरियाणा में बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। हरियाणा में विश्व की 400 फॉर्च्यून कंपनियां काम कर रही हैं। प्रदेश सरकार ने गुरुग्राम को उद्योग का हब बनाने का काम किया है। 8 साल पहले हरियाणा निर्यात में 16वें स्थान पर था लेकिन अब सातवें नंबर पर है, लैंडलॉक श्रेणी में तो हरियाणा देश में दूसरे नंबर पर है। हरियाणा सरकार ने पिछले 8 वर्षों में 98000 लोगों को सरकारी नौकरी देने का काम किया है। प्रदेश में लिंगानुपात में भी खासा सुधार हुआ है। वर्तमान सरकार ने सभी गैंगों का सफाया करने का काम किया। मोदी और मनोहर की जोड़ी ने हरियाणा को नंबर 1 बनाने का काम किया है।

Tags

Next Story