पर्वतारोही अनीता कुंडू को प्रोत्साहन राशि देने की मांग

पर्वतारोही अनीता कुंडू को प्रोत्साहन राशि देने की मांग
X
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने कहा ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करने में प्रदेश सरकार को कोई कोर कसर नहीं छोड़नी चाहिए।

Haribhoomi News : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने प्रदेश सरकार से विख्यात पर्वतारोही अनीता कुंडू (Mountaineer Anita Kundu) को प्रोत्साहन राशि देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अनिता ने पूरी दुनिया में हरियाणा और देश का नाम रोशन किया है। ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करने में प्रदेश सरकार को कोई कोर कसर नहीं छोड़नी चाहिए।

माउंट एवरेस्ट को 3 बार फतेह करने वाली अनीता ने इस बार माउंट ल्होत्से तक का सफर तय किया है। ल्होत्से की ऊंचाई 8516 मीटर है, जो कि माउंट एवरेस्ट के लगभग बराबर ही है। उन्होंने 12 अप्रैल से लुकला एयरपोर्ट से चढ़ाई शुरू की थी। खतरनाक पर्वतीय चुनौतियों, खराब मौसम, बर्फबारी का सामना करते हुए उन्होंने ये सफर तय किया। हुड्डा ने कहा कि अनीता ने छोटी उम्र में अनेकों उपलब्धियां हासिल की हैं। 12 साल से पर्वतारोहण के साहसिक खेल में खुद को झोंकने वाली हरियाणा की बेटी ने हिंदुस्तान की अनेकों चोटियों को फतह करते हुए दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को 3 बार फतह किया है। वे नेपाल और चीन दोनों ही रास्तों से माउंट एवरेस्ट को फतह करने वाली हिंदुस्तान की पहली बेटी हैं।

उन्होंने सभी महाद्वीपों के ऊंचे शिखरों को भी फतह किया है। उन्होंने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी विनसन मासिफ, अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो, यूरोप के सबसे ऊंचे शिखर एल्बर्स, दक्षिण अमेरिका की एकोनकागुआ, ऑस्ट्रेलिया की कार्सटेंस पिरामिड शिखर को भी फतह किया है। माउंट एवरेस्ट के समान ही माउंट मनास्लू पर भी अनीता परचम लहरा चुकी हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए सरकार को विशेष रूप से ऐलान करना चाहिए।

Tags

Next Story