AAP की 'अब बदलेगा हरियाणा' रैली आज होगी शुरू, सीएम अरविंद केजरीवाल करेंगे संबोधित

AAP की अब बदलेगा हरियाणा रैली आज होगी शुरू, सीएम अरविंद केजरीवाल करेंगे संबोधित
X
शनिवार देर सांय अचानक आई आंधी के कारण टेंट कुर्सियों पर गिर गया। रैली स्थल पर लगे एलईडी, कुर्सियां, कूलर, माइक स्पीकर सब इधर-उधर बिखर गए। रैली स्थल पर अव्यवस्था फैल गई

हरिभूमि न्यूज. कुरुक्षेत्र

ब्रह्मसरोवर के मेला ग्राउंड में आम आदमी पार्टी की अब बदलेगा हरियाणा रैली को आज पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल संबोधित करेंगे। रैली को लेकर पिछले 10 दिनों से तैयारियां चल रही थी।

शनिवार दोपहर तक कुर्सियां एवं टेंट लगा दिए गए थे लेकिन शनिवार देर सांय अचानक आई आंधी के कारण टेंट कुर्सियों पर गिर गया। रैली स्थल पर लगे एलईडी, कुर्सियां, कूलर, माइक स्पीकर सब इधर-उधर बिखर गए। रैली स्थल पर अव्यवस्था फैल गई। हरियाणा प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता, अशोक तंवर की अपील पर रात को कार्यकर्ता रैली स्थल पर पहुंचे और देर रात तक लगकर रैली स्थल की व्यवस्था को सुधारा। अब रैली खुले आसमान के नीचे होगी।

रैली में तीन मंच बनाए

पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने बताया कि रैली में तीन मंच बनाएं गए है। मुख्य मंच पर दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य वरिष्ठ नेता बैठेंगे। दूसरे मंच पर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की जगह होगी। वहीं तीसरे मंच पर प्रदेश के कार्यकर्ताओं को बैठाया जाएगा। एक मंच से रैली में आए मेहमानों और जनता के मनोरंजन के लिए हरियाणवी कलाकार प्रस्तुति देंगे। वहीं एक मंच पर रागिनी की व्यवस्था होगी। बदलेगा हरियाणा रैली में कई बड़े चेहरे और सेलिब्रिटी पार्टी को ज्वाइन करेंगे। रैली में प्रदेश के कोने कोने से आने वाले मेहमानों के लिए दूध और शरबत की व्यवस्था की जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों को माने तो दो लाख से ज्यादा लोगों के लिए ये व्यवस्था होगी।

Tags

Next Story