सेवानिवृत इंस्पेक्टर समेत पांच के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

हरिभूमि न्यूज. रोहतक
गांव कंहेली के जोगेंद्र पर हुए जानलेवा हमले के मामले में सेवानिवृत इंस्पेक्टर समेत पांच आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। पांचों आरोपितों की चल-अचल संपत्ति की जानकारी ली जा रही है, जिसके बाद उसे कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में छह आरोपित पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
शिवाजी कालोनी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलवंत सिंह ने बताया कि मार्च माह में कंहेली गांव के रहने वाले जोगेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि उस पर जानलेवा हमला किया गया है और गाड़ी में तोड़फोड़ कर नकदी भी लूटी गई है। अभी तक छह आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन पांच आरोपित अब भी फरार चल रहे हैं। हमले की साजिश करने वाला सेवानिवृत इंस्पेक्टर वीरपाल पहलवान है। जिसने बाकी अन्य के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिलाया था। वीरपाल, रिठाल निवासी नवीन, सुनारिया कलां निवासी सन्नी, नुकुल और फरमाणा गांव निवासी रिंकू फरार चल रहे हैं। आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। अब पांचों आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है। तहसील से पांचों आरोपितों की संपत्ति का ब्योरा निकलवाया जाएगा। जिसके बाद उसे कुर्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में शुरूआत में मंजीत, धर्मेंद्र और दीपक को नामजद कराया गया था, लेकिन अभी तक हुई जांच में इनके खिलाफ सबूत नहीं मिले हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS