हरियाणा में केजरीवाल बोले- मैं भारत को दुनिया का नंबर-1 देश बनाने के लिए दिल्ली से निकला हूं ...

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने पंजाब के सीएम भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) के साथ मेक इंडिया नंबर-1 कैंपेन के तहत हरियाणा के आदमपुर में तिरंगा यात्रा निकाली और उसके बाद एक जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आदमपुर उपचुनाव में जीत 2024 में हरियाणा में ''आप'' की सरकार बनाने का द्वार खोलेगी। यह उपचुनाव हरियाणा विधानसभा चुनाव का ट्रेलर होगा। आदमपुर हमारा गेट होगा और उस गेट के जरिए आम आदमी पार्टी 2024 में हरियाणा में सरकार बनाएगी। मैं पूरी दुनिया में स्कूल-अस्पताल ठीक करते घूम रहा हूं, आप भी मेरे से स्कूल-अस्पताल ठीक करा लो। युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आपको पुरानी राजनीति खत्म करनी है और नई राजनीति लेकर आनी है। खट्टर सरकार रोज सरकारी स्कूल बंद कर रही हैं। सरकारी स्कूल बंद कर देंगे, तो गरीब का बच्चा कहां जाएगा? हमें सरकारी स्कूलों को बंद नहीं करने हैं, बल्कि और बढ़ाने के साथ उनको शानदार भी बनाने है। ''आप'' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं भारत को दुनिया का नंबर-1 देश बनाने के लिए दिल्ली से निकला हूं और पूरे देश में जाउंगा। मेरी जिंदगी का अब एक ही मिशन भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाना है। हम पूरे देश को इकट्ठा करेंगे और सारे मिलकर देश को नंबर वन बनाएंगे।
जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि राजनीति में जाएंगे
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने आज आदमपुर मंडी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान ''आप'' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब मैं हिसार में 9वी क्लास में पढ़ा करता था। मैंने 9वीं और 10वीं कैंपस में की। फिर 11वीं व 12वीं डीएन कॉलेज से की। उस समय मैं छोटा सा शर्मिला बच्चा था। पढ़ाई में अच्छा था और फर्स्ट आता था। 11वीं और 12वीं मे पूरे कुरुक्षेत्र में मेरी छठीं पोजिशन आई थी। उस समय जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि राजनीति में जाएंगे। दूर-दूर तक सपने में भी नहीं आया था कि भगवान मुझे एक दिन इस पोजिशन पर पहुंचा देगा। लेकिन भगवान की अपनी माया है। भगवान जिंदगी को कहीं भी ले जाता है। मैं हरियाणा से आईआईटी गया। फिर दिल्ली मेरी कर्मभूमि बनी। आज यहां मेरे इतने मेरे रिश्तेदार, दोस्त, भाई-भतीजे बैठे हैं। सभी से एक ही बात कहना चाहूंगा कि मैं हरियाणा से जहां भी गया, कभी आपका सिर मैंने झुकने नहीं दिया। हरियाणा का सिर उपर ही रखा।
इन्होंने विधायक खरीदने में 6 हजार करोड़ रुपए लगा दिए
''आप'' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने दिल्ली में हमारी सरकार गिराने की कोशिश की। दिल्ली में 70 में से 62 सीट हमारी है। इन्होंने हमारे 40 विधायक तोड़ने की योजना बनाई। ये लोग हमारे विधायकों से बोले कि केजरीवाल को छोड़ दो और भाजपा में आ जाओ। आपको मंत्री भी बनाएंगे और 20-20 करोड़ रुपए भी देंगे। लेकिन हमारे सभी विधायक ईमानदार और सरीफ लोग हैं। 20-20 करोड़ रुपए के हिसाब से ये लोग 800 करोड़ रुपए लेकर आए थे। ये 800 करोड़ रुपए कहां से आए। इन्होंने मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गोवा, असम में सरकार तोड़ी और अभी तक ये 277 एमएलए खरीद चुके हैं। अगर 20-20 करोड़ रुपए के हिसाब से अब तब इन्होंने विधायक खरीदने में करीब 6 हजार करोड़ रुपए लगा दिए। यह आपके जीएसटी का पैसा है। इसलिए महंगाई हो रही है।
यहां की जनता कुछ नया करने वाली है : भगवंत मान
वहीं, पंजाब के सीएम सरदार भगवंत मान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आदमपुर के लोगों का प्यार देखकर इस बात का अंदाजा सहज ही लग सकता है कि आदमपुर के लोग कुछ तो नया करने वाले हैं। नेता आपके पास आकर वोट मांगते हैं और आप वोट देते हो। वो नेता विधानसभा में जाकर कहते हैं कि हम इतने लाख लोगों के प्रतिनिधि हैं। हमें इस सवाल का जवाब दो, क्योंकि लोग हमसे सवाल पूछते हैं। हम अपनी विधानसभा में जाकर क्या जवाब देंगे। मेरा सवाल यह है कि जब वो नेता पार्टी बदलते हैं, तब क्या आपसे पूछते हैं? क्या कुलदीप विश्नोई ने आपसे पूछा कि मैं भाजपा में चला जाउं? क्या जेजेपी ने आपको बताया कि आप हमें वोट दो हम खट्टर के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे। नहीं पूछा। उस समय जनता कहा होती है? ईवीएम मशीन का बटन हाथ के पंजे, हाथी, कमल या झाड़ू का नहीं है, बल्कि वो बटन आपके बच्चों की अच्छी शिक्षा, बुजुर्गों के अच्छे स्वास्थ्य, आपको मिलने वाली सस्ती बिजली, 18 साल से उपर की महिलाओं को मिलने वाले एक-एक हजार रुपए के सम्मान का बटन है। जब ये बदल जाते हैं, तो जनता भी बदल जाए। आदमपुर की जनता के पास सबक सिखाने का एक मौका आया है। आप आम आदमी पार्टी को जीताकर इनको सबक सिखा दो।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS