तिरंगा यात्रा में बोले Arvind Kejriwal : आगामी विधानसभा चुनाव में झाडू से भाजपा-कांग्रेस को करेंगे साफ

- कांग्रेस तथा भाजपा ने मिल कर देश को लूटने में नहीं छोड़ी कोई कसर
- आम आदमी पार्टी ने तिरंगा यात्रा के माध्यम से बजाया चुनावी बिगुल
Jind : तिरंगा यात्रा तथा रोड शो के दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कांग्रेस और भाजपा को निशाने पर रखा। उन्होंने दोनों पार्टियों को भ्रष्ट बताते हुए आगामी चुनाव में झाडू से साफ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा उनकी जन्मभूमि है जबकि दिल्ली उनकी कर्मभूमि है। कांग्रेस तथा भाजपा ने देश मिल कर लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस के 25 तो भाजपा के नौ साल के दोरान कोई भी एक अच्छा कार्य नहीं हुआ। स्कूल या अस्पताल नहीं बनवाया तो फिर क्यों इनको वोट दे रहे हो।
उन्होंने कहा कि अब तक मजबूरी थी कि कांग्रेस से नाराज होकर भाजपा को वोट दे दिए और भाजपा से नाराज होकर कांग्रेस को वोट दे दिए। अब तीसरा विकल्प आम आदमी पार्टी के रूप में लोगों के सामने आ गया है। हरियाणा की जनता एक बार उन्हें मौका देकर देखे। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों एक जनसभा में एक व्यक्ति ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से कहा था कि उन्हें केवल आठ घंटे ही बिजली मिल पा रही है, इसका समय बढ़ाया जाए। जिस पर सीएम मनोहर लाल ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया, लेकिन वह ऐलान करते हैं कि जिस दिन उनकी आम आदमी पार्टी की सरकार बन गई, अगले दिन से ही 24 घंटे बिजली मिलेगी। अगर उन्हें मौका मिला तो बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलेगी, नौकरी मिलेगी। वो सरकारी स्कूल भी ठीक कर देंगे और प्राइवेट वालों को भी ठीक कर देंगे। दिल्ली उनकी कर्मभूमि है तो हरियाणा जन्मभूमि है। उन्होंने दिल्ली में तीन लाख बच्चों को नौकरी देने का काम किया है। पंजाब में भी भगवंत मान ने 30 हजार सरकारी नौकरियां दे दी हैं तो तीन लाख प्राइवेट नौकरी देने का इंतजाम कर रहे हैं। अगर जनता उन्हें एक मौका दे देगी तो बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलेगी और प्राइवेट स्कूलों की गुंडागर्दी खत्म होगी।
तिरंगा यात्रा के दौरान तिरंगा लहराते हुए दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब सीएम भगवंत मान।
पंजाब का रिश्ता जींद के साथ जुड़ा हुआ : भगवंत मान
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि हरियाणा की धरती से पैदा हुआ अरविंद केजरीवाल, जिसने पूरे देश की राजनीति की दशा और दिशा बदल कर रख दी। बड़े-बड़े भ्रष्टाचारियों को अरविंद केजरीवाल का नाम बता दो वह कांपने लगते हैं। जींद का इलाका उनके लिए कोई बेगाना नहीं है। बहुत समय पहले जींद रियासत की राजधानी थी संगरूर, इस कारण पंजाब का रिश्ता जींद के साथ जुड़ा हुआ है और उनकी आपस में रिश्तेदारी और दोस्ती है। जब पंजाब में बिजली मुफ्त हो सकती है तो हरियाणा में भी बिजली मुफ्त हो सकती है। जब पंजाब में नौकरी दी जा सकती है तो हरियाणा में भी नौकरियां दी जा सकती हैं। चाहे पंचायती चुनाव हों या निकाय, विधानसभा चुनाव हों या फिर लोकसभा चुनाव हों, हर चुनाव में जनता को एक ही निशान याद रखना है, वो है झाडू। इसलिए हरियाणा में एक नए बदलाव की शुरूआत करते हुए आम आदमी पार्टी को मौका देकर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का काम करें।
यह भी पढ़ें - Bhiwani : शार्ट सर्किट से परचून की दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS