Asian Boxing Championship में पदक विजेता बॉक्सर स्वीटी बूरा को सम्मानित करेगा संयुक्त किसान मोर्चा

Asian Boxing Championship में पदक विजेता बॉक्सर स्वीटी बूरा   को सम्मानित करेगा संयुक्त किसान मोर्चा
X
किसान नेता धर्मेंद्र हुड्डा के अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हरियाणवी गायक अजय हुड्डा व पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल भी किसानों का उत्साह बढ़ाएंगे।

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़

दुबई में हुई एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप (Asian Boxing Championship) में पदक जीतकर किसान आंदोलन को समर्पित करने वाली बॉक्सर स्वीटी बूरा को 4 जून को टीकरी बॉर्डर पर सम्मानित किया जाएगा। किसान नेता धर्मेंद्र हुड्डा के अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हरियाणवी गायक अजय हुड्डा व पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल भी किसानों का उत्साह बढ़ाएंगे।

पंजाब किसान यूनियन के प्रधान रलधू सिंह मानसा ने कहा कि हरियाणा और पंजाब का इस आंदोलन में बड़ा योगदान है। पंजाब के सभी लोगों ने आंदोलन में योगदान दिया है। इस देश में आज केवल दो जमात हैं। एक लुटती है और एक लूट रही है। हमारी लड़ाई लूटने वालों के साथ है। किसानों की लड़ाई साम्राज्यवाद व पूंजीवाद के साथ है। यह आंदोलन लंबा चल सकता है। अपने घर को भी संभालो और आंदोलन में भी सहयोग दो।

कुल हिंद किसान सभा के पंजाब सूबा प्रधान बलकरण बराड़ ने कहा कि सरकार पूंजीपतियों की समर्थक है। तानाशाही और झूठ बोलने से काम नहीं चलता। किसान इन कानूनों के विरुद्ध 9 महीने से सड़कों पर हैं, छह महीने से दिल्ली के चारों तरफ आंदोलन कर रहा है। सरकार के साथ ही कुदरत से भी लड़ रहे हैं। कभी ठंड, कभी बरसात, कभी गर्मी और कभी आंधी किसानों की परीक्षा ले रही है। किसान अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं। सरकार अंदर तक हिली हुई है, आने वाले दिनों में हम जीतेंगे। हमें एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करना है। दिल्ली से आई अमृता कुंडू ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी सरकार का बुरा हाल हो चुका है। बेरोजगारी और महंगाई बढ़ती जा रही है।

Tags

Next Story