पत्नी पर चाकू से किया हमला, लहूलुहान महिला भागकर खुद पहुंची थाने, पीछे-पीछे पहुंचा पति

भट्टूकलां ( फतेहाबाद )
फतेहाबाद के भट्टूकलां की धक्का बस्ती में दंपती में हुए आपसी झगड़े में पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पति से अपनी जान बचाने के लिए खून से लथ पथ महिला थाने की तरफ दौड़ पड़ी। करीब एक किलोमीटर दूर तक वह सरे बाजार लहुलूहान हालत में थाना पहुंची और निढाल होकर बैठ गई, वहीं उसका पति भी पीछे-पीछे थाने पहुंच गया। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और महिला को अग्रोहा भिजवा दिया। गले पर चाकू लगे होने के कारण और घायल अवस्था में थाने तक आने के चलते उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। वहीं पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धक्का बस्ती निवासी बंसीलाल भट्टू में अंडे की रेहड़ी लगाता है। आज उसका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिस पर उसने महिला को पीटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर उसने चाकू उठा लिया और अपनी पत्नी के गले पर चला दिया, जिससे महिला बुरी तरह जख्मी हो गई और लहुलूहान हो गई। अपने आप को बचाने के लिए वह उसी हालत में थाने के लिए निकल पड़ी। उसके घर से थाने की दूरी एक किलोमीटर है, बावजूद इसके वह थाने पहुंची और वहां जाते ही थाने के गेट पर जाकर बैठ गई।
खून से लथपथ महिला को देख एक बार थाने में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला को भिजवायाए जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा रेफर कर दिया है। थाना प्रभारी शादी लाल ने बताया कि घरेलू झगड़े के कारण यह घटना हुई है। महिला घायलावस्था में खुद थाने आई थी, पीछे ही उसका पति भी आ गया, जिसे हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS