Bahadurgarh : रात को सो रहे फैक्ट्री कर्मी को जलाकर मारने का प्रयास

Bahadurgarh : आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री मेंं सो रहे कर्मचारी को जान से मारने की नीयत से आग के हवाले कर दिया। आग लगी तो पीड़ित की आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया। इसके बाद आरोपी फैक्ट्री की दीवार कूदकर भाग गया। झुलसने से पीड़ित की हालत गंभीर है। उसे एक निजी अस्पताल (Private Hospital) में भर्ती करवाया गया। वारदात को अंजाम देने का आरोप साथ लगती कंपनी के कर्मचारी पर है। मोबाइल चोरी के शक में कर्मचारी को जलाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल की पहचान विजय कुमार के रूप में हुई है। विजय कुमार बिहार के मधुबनी जिले का निवासी है। फिलहाल यहां एमआईई पार्ट-बी स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। रात करीब 11 बजे वह अपनी फैक्ट्र्री में था। इस दौरान साथ लगती फैक्ट्री का कर्मचारी आसिफ अली वहां आ गया। उसका मोबाइल गायब था। वह विजय से बोला कि तुमने मेरा फोन लिया है, लेकिन विजय ने इंकार कर दिया और कहा कि मेरे पास नहीं है। इस बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद आसिफ चला गया। विजय का आरोप है कि जब वह सो रहा था तो आसिफ ने उसके कपड़ों में आग लगा दी। आग की तपिश से उसकी आंख खुली तो उसने शोर मचाया।
इसके बाद आसिफ दीवार कूदकर भाग गया। जब तक आग बुझ पाती, वह काफी झुलस चुका था। रातभर वह कंपनी में झुलसी हालत में पड़ा रहा। सुबह मैनेजर राजीव आया तो उसने संभाला और अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मैनेजर की शिकायत पर इस संबंध में आसिफ के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। विजय काफी झुलसा हुआ है। उसका ईलाज जारी है। उधर, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें - Bahadurgarh : एनएच-9 पर सवा 2 घंटे व 334-बी पर 40 मिनट लगा जाम
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS