बहादुरगढ़ : सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने मारा छापा, स्क्रैप गोदाम से मिले 23 घरेलू गैस सिलेंडर

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़। इलाके में घरेलू गैस की कालाबाजारी के साथ-साथ दुरुपयोग भी हो रहा है। गोदामों, कारखानों में घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल हो रहे हैं। वीरवार को सीएम फ्लाइंग की छापामार कार्रवाई से ऐसा ही एक मामला उजागर हुआ। गांव कसार स्थित एक गोदाम/स्क्रैप कारखाने से 23 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी गई है। मौके पर मिले आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज होगा।
दरअसल, सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि गांव कसार में मंदिर के पास एक प्लॉट में स्क्रैप का गोदाम बनाया गया है। वहां अवैध तरीके से स्क्रैप पिघलाकर सिल्वर आदि धातु निकाली जाती है। इस काम में घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल होता है। इस सूचना पर वीरवार की शाम को सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर जाकर छापा मारा। इस दौरान वेस्टेज पिघलाकर धातु निकालने का काम चल रहा था। जांच की तो परिसर में से 13 भरे हुए सिलेंडर, पांच खाली तथा पांच चालू हालत में पाए गए। कुल 23 सिलेंडर पाए गए।
मौके से एक आरोपित राहुल को काबू किया। यह मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है। फिलहाल कसार में रहता है। सिलेंडरों के संबंध में वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका, लेकिन यह जरूर बताया कि वह इन्हें भारत गैस एजेंसी से प्राप्त करता है। यह किस की मदद से सिलेंडर की व्यवस्था करता है, ये अभी जांच का विषय है। इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। छापामार टीम में सीएम फ्लाइंग से एएसआई राजेश, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से निरीक्षक रितु, उप निरीक्षक धर्मपाल, अजय आदि शामिल थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS