बहादुरगढ़: सर्च अभियान के तहत पुलिस ने खंगाले तीन हजार मकान, जानें क्यों

बहादुरगढ़: सर्च अभियान के तहत पुलिस ने खंगाले तीन हजार मकान, जानें क्यों
X
बहादुरगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को शहर के लाइनपार इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। इस क्रम में पुलिस ने 3 हजार मकान खंगाले। मकानों में रह रहे लोगों के पहचान संबंधित दस्तावेज चेक किए गए।

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़: पुलिस की ओर से शुक्रवार को शहर के लाइनपार इलाके में कांबिंग व सर्च अभियान चलाया गया। डीएसपी अरविंद दहिया के मार्गदर्शन में चले इस अभियान में छह एसएचओ और लगभग 200 पुलिसकर्मी शामिल रहें। इन्होंने दिनभर में लगभग तीन हजार मकान खंगालकर लोगों की जानकारी जुटाई। मकानों में रह रहे लोगों के पहचान संबंधित दस्तावेज चेक किए गए। इस दौरान अजनबी और संदिग्ध मिले लोगों की सूची तैयार की गई। किरायेदारों की वेरिफिकेशन न कराने वाले मकान मालिकों को भी कड़ी हिदायत दी गई।

दरअसल, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने, संदिग्ध-अजनबियों की जांच के मकसद से यह मुहिम चलाई गई। सुबह करीब साढ़े पांच बजे ही पुलिस की टीम ने लाइनपार में दस्तक दे दी थी। लाइनपार थाना प्रभारी रामकरण सिंह, आसौदा थाना प्रभारी जसबीर सिंह, सेक्टर-6 थाना प्रभारी सुनील कुमार, महिला थाना प्रभारी राजेश कुमारी, सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार, सिटी थाना प्रभारी सहित दोनों सीआईए के इंचार्ज ने अपने कर्मचारियों के साथ घर-घर दस्तक दी। इस दौरान लोगों की पहचान संबंधित दस्तावेज जांचे गए। किरायेदारों व बाहरी लोगों पर पुलिस का विशेष ध्यान रहा। जिन लोगों ने किरायेदारों की वेरिफिकेशन नहीं कराई थी, उनको कड़ी हिदायत दी गई।

जल्द से जल्द उन्हें वेरिफिकेशन कराने को कहा गया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अरविंद दहिया ने बताया कि शुक्रवार की सुबह साढ़े पांच से आठ बजे तक यह अभियान चलाया गया था। करीब तीन हजार मकानों में जाकर लोगों की पहचान संबंधित जानकारी जुटाई गई। लोगों को जागरूक किया गया है। लोग कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। यदि कोई संदिग्ध या आपराधिक शख्स नजर आए तो पुलिस को तुरंत सूचना दी जाए, ताकि समय रहते जरूरी कार्रवाई हो सके। मकान मालिक अपने किरोयदारों की वेरिफिकेशन जरूर कराए। पुलिस की ओर से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। मकानों के साथ-साथ होटल, धर्मशाला आदि में भी जांच की जा रही है।

Tags

Next Story