Bahadurgarh : किसान की बेटी हिमानी देशवाल बनी हिमाचल में जज

Bahadurgarh : किसान की बेटी हिमानी देशवाल बनी हिमाचल में जज
X
  • हिमाचल ज्यूडिशियल सर्विस कॉम्पिटेटिव एग्जाम में हासिल किया छठा रैंक
  • बेटी के जज बनने पर जसौर खेड़ी गांव में जश्न का माहौल

Bahadurgarh : एक साधारण किसान परिवार की बेटी हिमाचल प्रदेश ज्यूडिशियल सर्विस का एग्जाम पास करके जज बन गई। जसौरखेड़ी गांव की 24 वर्षीय हिमानी देशवाल ने हिमाचल प्रदेश ज्यूडिशियल सर्विस कॉम्पिटेटिव एग्जाम में छठा रैंक हासिल किया है। हिमानी की कामयाबी से उसके पैतृक गांव में जश्न का माहौल बना हुआ है। हिमानी के जज बनने पर उसे शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।

दरअसल, हिमानी देशवाल के पिता दिनेश देशवाल एक साधारण किसान है और माता कविता गृहणी हैं। हिमानी देशवाल के माता-पिता ने भी उसे पढ़ाया-लिखाया, जिसकी बदौलत वह आज जज बन गई है। हिमानी ने रोहतक की एमडीयू यूनिवर्सिटी से 2022 में एलएलबी की परीक्षा पास की थी। तभी से उसने ज्यूडिशियल टेस्ट की तैयारी शुरू कर दी। उसने अपनी 12वीं की पढ़ाई खरखोदा स्थित प्रताप सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की। हिमानी भी मानती हैं कि यह टेस्ट बेहद मुश्किल था। इसके लिए उसने काफी समय तक इंटरनेट मीडिया से भी दूरी बनाकर रखी। ऑफलाइन पढ़ाई के साथ-साथ उसने ऑनलाइन पढ़ाई भी की और अब उसके माता-पिता का सपना पूरा हो गया है। हिमानी देशवाल के अनुसार वह आगे भी अपनी पढ़ाई जारी रखेंगी। उसका छोटा भाई दिल्ली में ऑडिटर के पद पर तैनात है। हिमानी के माता-पिता ने उसे मिठाई खिलाते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहने का आशीर्वाद दिया। गांव के संदीप, बिल्लू, बिंदर और बिजेंद्र ने भी हिमानी देशवाल की सफलता पर शुभकामनाएं दी।

शिक्षक की बेटी एनडीए में लेफ्टिनेंट चयनित

बहादुरगढ़ शहर की निवासी यशिका लोहचब का एनडीए में लेफ्टिनेंट के पद पर चयन हुआ है। एनडीए की परीक्षा में यशिका टॉप-5 में शामिल रही। बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार खुशी से गदगद है। दरअसल, बुपनिया मूल के देवेंद्र लोहचब यहां देव नगर में रहते हैं। वह गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा गांव के राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूल में शिक्षक हैं। देवेंद्र लोहचब ने बताया कि बेटी ने दसवीं तक की पढ़ाई बहादुरगढ़ में फिर आगे की पढ़ाई दिल्ली से की है। यशिका के मन में देशभक्ति की भावना है। उनकी बेटी यशिका का ऑल इंडिया में 31वां रैंक आया है। लड़कियों की श्रेणी में यशिका टॉप-5 में शामिल रही। बेटी ने परिवार ही नहीं अपने प्रदेश हरियाणा का नाम भी गौरवान्वित किया है। बेटी पर हमें गर्व है। उन्होंने कहा कि बेटियों से ही हमारा नाम रोशन हो रहा है। हमें बेटियों पर गर्व होना चाहिए। यशिका ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और उन तमाम लोगों को दिया है, जो बेटियों को सम्मान देते हैं।

Tags

Next Story