बहादुरगढ़ नगर परिषद चुनाव : विधानसभा चुनाव की तुलना में इनेलो को सर्वाधिक लाभ, कांग्रेस को हुई हानि, भाजपा ने भी बनाई बढ़त

रवींद्र राठी : बहादुरगढ़
निकाय चुनाव में इनेलो ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर में 10 हजार 33 वोटों का इजाफा किया है। जबकि भाजपा ने भी 692 वोटों की मामूली बढ़ोतरी हुई है। वहीं कांग्रेस को 7 हजार 518 वोटों का नुकसान हुआ है। दरअसल, भाजपा को लोकसभा चुनाव में शहर में 41 हजार 587, विधानसभा चुनाव में 26 हजार 723 और निकाय चुनाव में 27 हजार 415 वोट मिली हैं। कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में शहर में 26 हजार 776, विधानसभा चुनाव में 25 हजार 548 और निकाय चुनाव में 18 हजार 30 वोट मिली हैं। इनेलो को विधानसभा चुनाव में 14 हजार 819 और निकाय चुनाव में 24 हजार 852 वोट मिले हैं।
बता दें कि नगर परिषद प्रधान के चुनाव में इनेलो प्रत्याशी मोनिका राठी बेशक दूसरे स्थान पर रही हो, लेकिन इनेलो की वोट गत विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 67 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं भाजपा प्रत्याशी सरोज राठी पहले स्थान पर रही, लेकिन उनके मत प्रतिशत में गत विस चुनाव के मुकाबले करीब 3 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रामभतेरी खत्री का मत प्रतिशत विधानसभा चुनावों की तुलना में करीब 30 प्रतिशत घट गया है। गौरतलब है कि तीन साल पूर्व हुए लोकसभा चुनाव के दौरान बहादुरगढ़ शहर में भाजपा प्रत्याशी अरविंद शर्मा को शहर में 41 हजार 587 वोट मिले थे और कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा को 26 हजार 776 वोट हासिल हुए थे। इसके 5 महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में शहर में 73 हजार 81 लोगों ने मतदान किया था। इसमें से भाजपा प्रत्याशी नरेश कौशिक को 26 हजार 723, कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह जून को 25 हजार 548 और इनेलो प्रत्याशी नफे सिंह राठी को 14 हजार 819 वोट मिले थे।
लाइन पार में मामूली बढ़त
कांग्रेस प्रत्याशी रामभतेरी के पति रवि खत्री गत कार्यकाल में वार्ड-5 से पार्षद रहे थे। इससे पहले 2009 से 2014 तक रवि चेयरमैन भी रहे। चूंकि वे लाइनपार से आते हैं तो ऐसा लगता था कि इस इलाके में उन्हें काफी बढ़त मिलेगी। लाइनपार में जहां करीब 42 हजार वोट हैं और इनमें से करीब 25 हजार मत डाले गए थे। लेकिन लाइनपार इलाके में इस बार भाजपा को 6 हजार 661, इनेलो को 7 हजार 139 और कांग्रेस को 8 हजार 214 वोट मिले हैं।
यहां भाजपा को भारी बढ़त
वैश्य समाज की बहुलता वाले वार्ड-19 में भाजपा को 1097 के मुकाबले इनेलो को 368 और कांग्रेस को 390 वोट ही मिले। वहीं पंजाबी समाज की बहुलता वाले वार्ड-17 व 24 में भाजपा को 3395, इनेलो को 1797 और कांग्रेस को केवल 930 ही वोट मिले। दयानंद नगर में भी भाजपा को 1328, इनेलो को 670 और कांग्रेस को 586 वोट मिले। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने जिन क्षेत्रों में रोड शो किया, उन सभी में कांग्रेसी उम्मीदवार बुरी तरह परास्त हुए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS