Bahadurgarh : अल्बानिया में कुश्ती का दम दिखाएंगे म्हारे पहलवान

- झज्जर जिले से ताल्लुक रखने वाले 3 पहलवान मोहित, सुमित और उमेश का हुआ चयन
- चयनित पहलवानों से पदक की उम्मीद करते हुए कोच ने दिया आशीर्वाद
Bahadurgarh : एशियन गेम्स के बाद अब पहलवानों की नजर कुश्ती की वर्ल्ड चैंपियनशिप पर है। अल्बानिया में प्रस्तावित चैंपियनशिप के लिए ट्रायल प्रक्रिया संपन्न हो गई है। झज्जर जिले के भी तीन पहलवान अल्बानिया में कुश्ती का दमखम दिखाएंगे। भारतीय टीम में अपना चयन सुनिश्चित होने के बाद इन्होंने तैयारियां तेज कर दी हैं। चयनित तीन पहलवानों में मोहित, सुमित और उमेश शामिल हैं।
दरअसल, अल्बानिया में आगामी 23 से 29 अक्टूबर तक अंडर-23 वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन होगा। इस चैंपियनशिप के लिए तमाम देशों में ट्रायल चल रहे हैं। भारतीय दल चुनने के लिए बहालगढ़ स्थित साईं स्टेडियम में दो दिवसीय ट्रायल प्रक्रिया का आयोजन हुआ था। देशभर के पहलवानों ने इसमें दमखम दिखाया। इनमें जयवीर अखाड़े का मोहित पहलवान भी शामिल था। अब तक 61 केजी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके मोहित ने 65 केजी वर्ग का ट्रायल दिया और अपनी कुश्तियां जीत कर चयन सुनिश्चित किया। मोहित जिले के गांव रुढ़ियावास का निवासी है। बुपनिया स्थित जयवीर अखाड़े में अभ्यास करता है। पिछले कुछ वर्षों से विश्व स्तर पर देश का परचम लहरा रहा है। इस साल हुई वर्ल्ड और एशियन चैंपियनशिप में पदक जीते थे। पिछले साल भी वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक जीता था। मोहित से अल्बानिया में भी पदक की प्रबल उम्मीदें हैं।
कोच जयवीर का कहना है कि मोहित प्रतिभाशाली पहलवान है। हमें पूरा यकीन है कि इस बार भी विश्व चैंपियनशिप में वह तिरंगे का मान बढ़ाएगा। उधर, मांडोठी स्थित हिंद केसरी सोनू अखाड़े के दो पहलवानों का भी चयन हुआ है। ग्रीको रोमन 60 केजी में सुमित तो 67 केजी में उमेश ने बाजी मारी है। सुमित गांव मांडोठी का रहने वाला है। वर्ल्ड चैंपियनशिप में लगातार तीन बार मेडल जीत चुका है। एशियन चैंपियनशिप में भी पदक जीता है। वहीं, उमेश पहलवान गांव दरियापुर का रहने वाला है। यह भी राष्ट्रीय स्तर पर कई कुश्तियां जीत चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुका है। अर्जुन अवॉर्डी धर्मेंद्र पहलवान का कहना है कि दोनों बहुत होनहार पहलवान है। उन्हें पूरा भरोसा है कि अल्बानिया में होने वाली चैंपियनशिप में ये देश के लिए पदक जीतेंगे।
यह भी पढ़ें - Fatehabad : धान परिवहन ट्रकों को ओवरलोड की खुली छूट, बेखौफ चल रहा खेल
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS