Bahadurgarh : जहर निगलने से महिला की मौत, पति-ससुर पर केस दर्ज

- मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज हत्या का आरोप
- डेढ़ साल पहले ही मृतका ने किया था प्रेम विवाह
Bahadurgarh : करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह करने वाली एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। मायके पक्ष ने उसकी मौत के लिए पति व ससुर को जिम्मेदार ठहराया। मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) का केस दर्ज किया। साथ ही मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार, मृतका प्रियंका बिहार मूल की रहने वाली थी। करीब डेढ़ साल पहले प्रियंका ने घर से परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर छोटूराम नगर में ही रहने वाले बिहार मूल के जनार्दन से शादी की थी। बताते हैं कि शुक्रवार की सायं प्रियंका ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर लाइनपार थाने से पुलिस अस्पताल में पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया। इसके बाद परिजनों के बयान लिए। उसकी मौत से आहत मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
मृतका के परिजनों ने कहा कि शादी के कुछ समय बाद ही प्रियंका को प्रताड़ित किया जाने लगा था। उसे मारा-पीटा जाता था। हमने उसके पति व ससुरालियों को कई बार समझाया लेकिन वह नहीं माने। दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। प्रियंका को बेटा हुआ तो पीलिया में पारपंरिक सामान की मांग करने लगे। शुक्रवार को हमें प्रियंका की मौत की सूचना मिली। बेटी को दहेज के लिए मरने को मजबूर किया गया। आरोपियाें के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पिता के बयान पर लाइनपार थाना पुलिस ने आरोपी पति और ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया। प्रियंका की मौत होने की वजह कोई भी हो, लेकिन उसके जाने के बाद साढ़े तीन माह के बच्चे आयुष के सिर से ममता का साया उठ गया। जांच अधिकारी जयकरण का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर पूछताछ की जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS