Bahadurgarh : मुखबिरी के शक में युवक का अपहरण किया, फिर कर दी हत्या

Bahadurgarh : बादली के निवासी एक व्यक्ति की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। शव को खुर्दबुर्द करने के मकसद से शव को आग के हवाले कर दिया। वीरवार की सुबह गांव पाहसोर में राख और अवशेष बरामद हुए। पुलिस ने इस संबंध में एक युवक व उसके तीन साथियों पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मुखबिरी के शक में व्यक्ति को मौत के घाट उतारे जाने की बात सामने आ रही है। असल पुष्टि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद होगी।
मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई। वह गांव बादली का रहने वाला था। दरअसल, 30 अक्टूबर की रात को मुकेश का अपहरण हुआ था। इस संबंध में उसकी पत्नी सपना ने पुलिस को शिकायत दी थी। बादली की निवासी सपना ने कहा था कि 30 अक्टूबर की रात को उसके मुकेश घर पर थे। रात करीब साढ़े दस बजे मनोज नाम का एक शख्स अपने चार साथियों संग हमारे घर पर आया। वे सभी मेरे पति मुकेश को उठाकर ले गए। काफी देर बाद भी मुकेश नहीं लौटे तो कॉल की लेकिन मोबाइल भी बंद था। अपने स्तर पर तलाश करने के बाद भी कहीं नहीं मिले तो पुलिस को शिकायत दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को बादली थाना पुलिस ने इस संंबंध में अपहरण का केस दर्ज किया।
मामले में छानबीन शुरू हुई। इसी दौरान वीरवार की अल सुबह सामने आया कि मुकेश की हत्या कर दी गई थी और शव पाहसोर गांव में एक भट्ठे के पास खुर्द-बुर्द करने के मकसद से जला दिया गया। बादली थाना सहित पुलिस की विभिन्न टीमें मौके पर पहुंची तो वहां राख के ढेर और कुछ अवशेष देखने को मिले। एफएसएल टीम भी तफ्तीश करने आई और अवशेषों को जांच के लिए साथ ले गई। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि कुछ दिन पहले फायरिंग की एक वारदात हुई थी। आरोपियों को शक था कि मुकेश ने उस मामले में मुखिबिरी की है। इसी वजह से उसे मौत के घाट उतार दिया गया। मामले में मनोज के अलावा सोनू, रिंकू व केसी आदि तीन नाम भी सामने आए हैं। हत्या की असल वजह, हत्या करने का तरीका और जगह फिलहाल सवाल बनी हुई है। डीएसपी धर्मबीर सिंह का कहना है कि एक व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव जलाया गया है। इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। कुछ आरोपियों के नाम सामने आए हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर मामला सुलझाया जाएगा।
यह भी पढ़ें - Jind : परिजनों ने डायल 112 कर्मियों पर लगाया प्रताड़ना से मौत का आरोप
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS