Bharat Jodo Yatra : पानीपत की धरती से राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला... हरियाणा बेरोजगारी का चैंपियन

Bharat Jodo Yatra : कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सनौली से शुरू होकर पानीपत की ऐतिहासिक धरती पहुंची। हुडा सेक्टर 13 में आयोजित रैली को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेसी नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी और अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो न्याय योजना लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चंद लोगों के लिए काम कर रही है, ‘जितना धन आधे हिंदुस्तान के हाथ में है, उतना धन सबसे अमीर 100 लोगों के पास है। जबकि इस देश में 140 करोड़ लोग रहते हैं। आज दो हिंदुस्तान बन गए हैं। एक हिंदुस्तान किसान, मजदूर, छोटे दुकानदारों और बेरोजगार युवाओं का है। दूसरा हिंदुस्तान 200-300 लोगों का है जिनके पास पूरा का पूरा धन है। नोटबंदी ने देश में कारोबार खत्म कर दिया। सरकार वादे से मुकर रही है। हरियाणा बेरोजगारी का चैंपियन है। बेरोजगारी में हरियाणा ने आज सबको पीछे छोड़ दिया। आज बेरोजगारी 38 प्रतिशत है। वहीं उन्होंने पानीपत में बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर भी सरकार को घेरा ।
वहीं राहुल गांधी ने कहा, नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान सिर्फ मैं ही नहीं खोल रहा हूं बल्कि करोड़ों लोग खोल रहे हैं। इस यात्रा ने देश में नफरत को मिटाने का काम किया है। यह यात्रा भारत को जोड़ने का काम कर रही है।
बता दें कि राहुल गांधी की अगुवाई वाली इस यात्रा ने यूपी से गुरुवार शाम को हरियाणा में फिर से प्रवेश किया था। राहुल मां सोनिया गांधी से मिलने के लिए गुरुवार रात को दिल्ली चले गए थे। वह यात्रा में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार सुबह लौटे। यात्रा को लेकर हरियाणा पुलिस और प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हुए है। जिलाधीश सुशील सारवान ने 7 जनवरी तक पानीपत में सुरक्षा को देखते हुए धारा 144 के तहत आदेश जारी किए हैं। यात्रा के एक हजार मीटर के दायरे के अंदर तुरन्त प्रभाव से 7 जनवरी तक अस्थाई तौर पर रेड जोन घोषित किया गया है जिसमें कोई भी मानव रहित उड़ने वाला वाहन ड्रोन इत्यादि इस दायरे में उड़ाने पर प्रतिबंध है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS