भाजपा ने मिशन-2024 की बनाई ठोस रणनीति, छह अप्रैल तक का कलेंडर किया जारी

भाजपा ने मिशन-2024 की बनाई ठोस रणनीति, छह अप्रैल तक का कलेंडर किया जारी
X
बैठक में सोशल सिक्योरिटी, जोखिम फ्री किसान और गरीब कल्याण के विषय पर मंथन हुआ और इस संबंध में सरकार द्वारा बनाई गई सभी योजनाओं को बैठक में एक स्वर में सभी ने सराहा।

हरिभूमि न्यूज: भिवानी। मिशन-2024 को लेकर शनिवार को प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, कृष्णपाल गुर्जर, संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, सांसदों और मंत्रियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी बातें रखीं। ओम प्रकाश धनखड़ ने बैठक में उपस्थित लगभग हर पदाधिकारी से 2024 चुनावों पर राय देने को कहा, तो अनेक नेताओं ने खुलकर अपनी बात रखी। बैठक में नेताओं ने उपस्थित विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों एवं पदाधिकारियों के साथ चर्चा की और आगामी चुनावों में ऐतिहासिक विजय की रणनीति तैयार की।

बैठक में सोशल सिक्योरिटी, जोखिम फ्री किसान और गरीब कल्याण के विषय पर मंथन हुआ और इस संबंध में सरकार द्वारा बनाई गई सभी योजनाओं को बैठक में एक स्वर में सभी ने सराहा। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के निर्णयों और जी-20 विषय को लेकर भी मंथन हुआ। बैठक की शुरूआत प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ के अध्यक्षीय भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बढ़ती ताकत पर गर्व होने की बात की और केंद्र व राज्य सरकार के कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए इन्हें जन जन तक ले जाने के दिशा निर्देश दिए।

छह अप्रैल तक का कलेंडर किया जारी

ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि पार्टी ने छह अप्रैल तक का कलेंडर जारी किया है। भाजपा के स्थापना दिवस पर सुबह 9 बजे पांच लाख कार्यकताओं के घरों पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। इससे पूर्व, प्रदेश की 90 विधानसभाओं के पन्ना प्रमुखों की कार्यशालाएं होंगी। कार्यशाला में 3500 से 4000 कार्यकर्ता शामिल होंगे तथा अभी तक तीन कार्यशालाएं हो चुकी हैं।

15 से 22 मार्च नए मतदाताओं से संपर्क कर सदस्य बनाने का अभियान चलेगा

प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि 15 से 22 मार्च नए मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें सदस्य बनाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 23 मार्च हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। इस दिन नव मतदाता सम्मेलन करेंगे। ये दिन भक्ति और भाव से सराबोर कर देने वाला दिन है। भगत सिंह, सुखेदव और राजगुरू के बलिदान का दिवस है और इस दिन भाजपा का युवा मोर्चा सम्मेलन की अगुवाई करेगा। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि तीन नगर निगमों के चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का हरियाण दौरा 14 को

ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 फरवरी को हरियाणा आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री शाह करनाल और सोनीपत में कार्यकताओं की बैठक लेंगे। करनाल में 1000 और सोनीपत में लगभग 1500 कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगे। इसी दिन अमित शाह के पुलिस विभाग और कॉओपरेटिव विभाग के दो सरकारी कार्यक्रम भी हैं।

कांग्रेस खड़ा कर रही झूठे आंकड़ों का नेरेटिव

प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस का काम अब सिर्फ झूठ फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का रह गया है। प्रदेश में बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस झूठे आंकड़े प्रस्तुत कर एक नेरेटिव खड़ा कर रही है। उन्होंने बताया कि एक प्राइवेट एजेंसी है, जो बेरोजगारी के गलत आंकड़े पेश कर रही है। दूसरे राज्यों के लोगों को हरियाणा में काम मिल रहा है। लाखों लोग यहां आकर नौकरियां कर रहे हैं। वो एजेंसी उन राज्यों का बेरोजगारी प्रतिशत कम बता रही है और हरियाणा का ज्यादा बता रही है, जहां दूसरे राज्यों के लोगों को भी रोजगार मिल रहा है।

जी-20 की लगभग 200 बैठकें 55 स्थानों में होनी तय

केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्या डॉ. सुधा यादव ने कहा कि अमृतकाल में भारत को जो जी-20 की अध्यक्षता मिली है, ये सभी के लिए सौभाग्य और गौरव की बात है। जी-20 की लगभग 200 बैठकें 55 स्थानों में होनी तय हुई है। दूसरे देश आज भारत की संस्कृति और खान पान पर अध्ययन कर रहे हैं। यह सब पीएम मोदी के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है।

मोदी राज में 11 करोड़ गरीबों को मिल रही फ्री इलाज की सुविधा

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि आजादी के दशकों बाद देश के लोगों को बैंकिंग, शौचालय, नल से जल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं जैसी सुविधाएं नहीं मिल पाई जबकि 20वीं सदी में उनको मिल जानी चाहिए थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने ये सभी सुविधाएं आठ साल के शासनकाल में नागरिकों को देने का काम किया है। 11 करोड़ से अधिक गरीबों को पांच लाख रुपये तक फ्री में इलाज कराने की सुविधाएं भाजपा सरकार में मिली है।

आत्मनिर्भर भारत के लिए डवलपमेंट विकसित करने वाला केंद्रीय बजट

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का बैठक में केंद्रीय बजट पर फोकस रहा। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के लिए डवलपमेंट विकसित करने वाला बजट है। देश में टैक्नोलॉजी जीवन और नॉलिज बढ़ाने वाला है। उन्होंने प्रदेश सरकार की तारीफ की और कहा कि केंद्र की योजनाओं को भाजपा सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर गरीब लोगों के हित में काम किया है।

ये रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश सरकार में मंत्री कंवरपाल, मूलचंद शर्मा, जय प्रकाश दलाल, डॉ. कमल गुप्ता, डॉ. बनवारी लाल, सांसद संजय भाटिया, नायाब सिंह, रत्नलाल कटारिया, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू, प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, महामंत्री पवन सैनी, महामंत्री मोहन लाल, कविता जैन, प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डॉ. संजय शर्मा, सहमीडिया प्रमुख अरविंद सैनी समेत तमाम पदाधिकारी व विधायक मौजूद रहे।

Tags

Next Story