फतेहाबाद में बड़ी वारदात : दिनदहाड़े घर में घुसकर दो बहनों पर चाकू से हमला, एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर

हरिभूमि न्यूज : फतेहाबाद
भाटिया कॉलोनी में सोमवार को एक युवक द्वारा घर में घुसकर दो बहनों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवती ने दम तोड़ दिया वहीं उसकी बहन को गंभीर रूप हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी सुभाष चन्द्र ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। हमलावर युवक गांव दौलतपुर का रहने वाला है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले भी उसने इन बहनों की मां के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने हमलावर युवक को हिरासत में ले लिया और वहां से भागने के दौरान हादसे में चोट लगने पर उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार भाटिया कॉलोनी निवासी सुरेश तनेजा अपने बेटे सन्नी के साथ दिल्ली में जूतों की फैक्टरी चलाते हैं। सुरेश की दो बेटियां हैं। इनमें से एक बेटी 24 वर्षीय प्रिया तनेजा जहां चण्डीगढ़ में नौकरी करती है वहीं 22 वर्षीय योगिता चण्डीगढ़ में एसडी कॉलेज से बीए आनर्स में ग्रेजुएशन कर रही थी। कुछ दिन पहले ही दोनों बहनें अपने घर फतेहाबाद आई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर को गांव दौलतपुर निवासी संदीप नामक युवक इनके घर आया और दोनों बहनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के कारण दोनों बहनों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग वहां इकट्ठा होने लगे तो हमलावर युवक वहां से फरार हो गया। बाद में लोगों ने घायल दोनों बहनों को उपचार के लिए एम्बुलेंस द्वारा सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया जहां चिकित्सकों ने योगिता को मृत घोषित कर दिया जबकि प्रिया की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि हमलावर युवक पहले तनेजा परिवार के घर में ही रहता था। 15 दिन पहले भी उसने सुरेश तनेजा की पत्नी रेनू तनेजा के साथ झगड़ा किया था। उस समय उसने रेनू तनेजा के हाथ में चोट भी मारी थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों का राजीनामा हो गया था, इसलिए कोई केस दर्ज नहीं हुआ था। इस घटना को लेकर सिटी एसएचओ ओमप्रकाश चुघ ने कहा कि गांव दौलतपुर निवासी युवक ने दो युवतियों पर चाकू से हमला किया है। इनमें से एक की मौत हो गई है जबकि दूसरी को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच चल रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS